जयपुर में दिनदहाड़े लिफ्ट में लूट: पिस्टल की नोक पर बैंक मैनेजर से सोने-हीरे के जेवर लूटे, फुटेज में देंखे नकाबपोश बदमाश फरार
राजस्थान की राजधानी जयपुर के पॉश इलाके जवाहर नगर में दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दो नकाबपोश बदमाशों ने यूनियन बैंक के एक शाखा प्रबंधक को अपार्टमेंट की लिफ्ट में पिस्टल की नोक पर बंधक बनाकर सोने और हीरे के जेवर लूट लिए। वारदात के समय लिफ्ट में बैंक मैनेजर के साथ उनकी पड़ोसी युवती भी मौजूद थी। घटना के बाद आरोपी बिना नंबर की स्कूटी पर सवार होकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शहरभर में नाकाबंदी कराई, लेकिन देर शाम तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।
जिम से लौटते समय बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, यूनियन बैंक के 37 वर्षीय शाखा प्रबंधक नवीन कुमार शर्मा जवाहर नगर की सिंधी कॉलोनी स्थित साईं कृपा अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल पर रहते हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे वह रोज की तरह जिम से लौटकर अपने फ्लैट जा रहे थे।इसी दौरान उनकी पड़ोसी युवती भी लिफ्ट में सवार थी। तभी मुंह पर कपड़ा बांधे दो युवक नके पीछे-पीछे लिफ्ट में घुस गए।
चौथी मंजिल पर रहने वाले 'अमित' का पूछा पता
बैंक मैनेजर ने बताया कि उन्होंने दोनों युवकों से पूछा कि उन्हें किस मंजिल पर जाना है। इस पर उन्होंने चौथी मंजिल पर रहने वाले 'अमित' से मिलने की बात कही।जब नवीन कुमार शर्मा ने कहा कि अपार्टमेंट में अमित नाम का कोई व्यक्ति नहीं रहता, तो दोनों बदमाशों ने तुरंत पिस्टल निकाल ली और उनके सिर पर तान दी।
पिस्टल दिखाकर उतरवाए सोने और हीरे के जेवर
हथियार के बल पर बदमाशों ने बैंक मैनेजर से उनकी सोने की चेन, सोने का कड़ा, सोने की अंगूठी और डायमंड रिंग उतरवा ली। पूरी वारदात कुछ ही मिनटों में अंजाम दी गई।लिफ्ट में मौजूद युवती भी इस दौरान सहम गई और बदमाशों की धमकी के कारण किसी तरह का विरोध नहीं कर सकी।
धमकाकर ग्राउंड फ्लोर पर पहुंचे, फिर हुए फरार
लूटपाट के बाद आरोपियों ने बैंक मैनेजर को धमकाते हुए लिफ्ट को वापस ग्राउंड फ्लोर पर ले जाने के लिए कहा। नीचे पहुंचते ही दोनों बदमाश पहले से तैयार बिना नंबर की स्कूटी पर बैठकर मौके से फरार हो गए।घटना के बाद घबराए नवीन कुमार शर्मा अपनी बच्ची को लेकर सीढ़ियों के रास्ते फ्लैट पहुंचे और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शहरभर में नाकाबंदी कराई गई, लेकिन आरोपियों का पता नहीं चल सका।पुलिस अब अपार्टमेंट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही बिना नंबर की स्कूटी और संदिग्ध आरोपियों की पहचान के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।