×

सेवाड़ी में दिनदहाड़े लूट और अपहरण की वारदात, पिस्टल की नोक पर युवक अगवा कर 2 करोड़ के सोने के गहने लूटे

 

जिले के सेवाड़ी क्षेत्र में दिनदहाड़े लूट और अपहरण की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बदमाशों ने बाइक सवार युवक को पिस्टल दिखाकर अगवा कर लिया और उससे करीब 2 करोड़ रुपये के सोने के गहने लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने जिलेभर में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक सोने के आभूषण लेकर किसी काम से जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बदमाशों ने उसे रोक लिया। बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर धमकाया और जबरन वाहन में बैठाकर अपने साथ ले गए। इसके बाद उससे सोने के गहनों से भरा बैग छीन लिया।

बताया जा रहा है कि वारदात को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया। बदमाशों को युवक की गतिविधियों और उसके पास मौजूद गहनों की जानकारी पहले से थी। लूट के बाद आरोपियों ने युवक को सुनसान स्थान पर छोड़कर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। जिले की सीमाओं पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला लूट और अपहरण का है। पीड़ित से पूछताछ कर आरोपियों के हुलिए और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।