रवि किशन ने छात्रों संग किया जमकर डांस, वीडियो में बोले- ट्रोल्स के कमेंट नहीं पढ़ता; पत्नी कहती हैं- बाहर निकलते ही वायरल हो जाओगे
बॉलीवुड अभिनेता और गोरखपुर से सांसद रवि किशन मंगलवार को छात्रों के बीच पहुंचे। वे पूर्णिमा ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के ओरिएंटेशन प्रोग्राम ‘पहला कदम’ में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम के दौरान रवि किशन ने छात्रों के साथ खुलकर बातचीत की और अपने फिल्मी सफर से लेकर सोशल मीडिया ट्रोलिंग और वायरल लोकप्रियता तक कई मुद्दों पर बात की।
रवि किशन ने मंच से राजस्थानी अंदाज में ‘खम्मा घणी’ बोलकर छात्रों के साथ बातचीत की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने युवाओं के सवालों का जवाब दिया और उन्हें अपने अनुभव भी बताए। कार्यक्रम में अभिनेता का अंदाज देखकर छात्र काफी उत्साहित नजर आए।
ट्रोलिंग पर बोले- कमेंट नहीं पढ़ता
सोशल मीडिया पर होने वाली ट्रोलिंग को लेकर रवि किशन ने कहा कि वह सोशल मीडिया पर आने वाले कमेंट्स नहीं पढ़ते। उन्होंने कहा कि जो लोग उन्हें पसंद करते हैं और कमेंट में दिल का निशान भेजते हैं, उन्हें देखना उन्हें अच्छा लगता है।रवि किशन ने छात्रों से कहा कि सोशल मीडिया की नकारात्मक बातों को लेकर ज्यादा परेशान नहीं होना चाहिए। उन्होंने सकारात्मक चीजों पर ध्यान देने और अपने लक्ष्य की तरफ आगे बढ़ने की सलाह दी।
राजस्थानी गाने पर छात्रों के साथ किया डांस
कार्यक्रम में रवि किशन ने छात्रों की फरमाइश भी पूरी की। स्टूडेंट्स के कहने पर उन्होंने राजस्थानी गीत ‘गौरी नाचे’ पर जमकर डांस किया। इसके बाद उन्होंने राजस्थानी, भोजपुरी, हिंदी और अंग्रेजी गानों पर भी डांस कर छात्रों के साथ खूब मस्ती की।अभिनेता का यह अंदाज देखकर कार्यक्रम में मौजूद छात्र उत्साहित हो गए। रवि किशन ने भी छात्रों के साथ काफी समय बिताया और कार्यक्रम को मनोरंजक बना दिया।
अपनी वायरल लोकप्रियता का सुनाया मजेदार किस्सा
रवि किशन ने अपनी सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली लोकप्रियता से जुड़ा एक मजेदार किस्सा भी साझा किया। उन्होंने हंसते हुए बताया कि उनकी पत्नी प्रीति शुक्ला भी कभी-कभी उनकी वायरल लोकप्रियता से परेशान हो जाती हैं।अभिनेता ने बताया कि उनकी पत्नी मजाक में उनसे कहती हैं कि उन्हें घर पर ही रहना चाहिए, क्योंकि बाहर निकलते ही वह कुछ ऐसा बोल या कर देंगे, जो शाम तक सोशल मीडिया पर वायरल हो जाएगा।रवि किशन के इस किस्से पर कार्यक्रम में मौजूद छात्र जमकर हंसे। उन्होंने अपने चुटीले अंदाज में छात्रों के साथ बातचीत को काफी सहज और मनोरंजक बना दिया।
छात्रों को दी आगे बढ़ने की सीख
ओरिएंटेशन प्रोग्राम में रवि किशन ने छात्रों को अपने करियर और भविष्य को लेकर गंभीर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि युवा जीवन में मिलने वाले अवसरों का सही इस्तेमाल करें और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए लगातार मेहनत करते रहें।कार्यक्रम के दौरान रवि किशन का अभिनेता और सांसद दोनों रूप देखने को मिला। उन्होंने जहां छात्रों का मनोरंजन किया, वहीं अपने अनुभव साझा कर उन्हें प्रेरित भी किया। ‘पहला कदम’ कार्यक्रम छात्रों के लिए यादगार बन गया और रवि किशन के साथ उनके डांस और बातचीत के वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा में आ गए।