×

Rajasthan SOG का बड़ा खुलासा: फुटेज में देंखे OMR शीट में फर्जीवाड़ा कर नौकरी पाने वाला अभ्यर्थी गिरफ्तार, 29 अंकों को बना दिया 190

 

राजस्थान में भर्ती परीक्षाओं में धांधली के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने वर्ष 2018 की प्रयोगशाला सहायक सीधी भर्ती परीक्षा में OMR शीट से छेड़छाड़ कर नौकरी हासिल करने वाले एक और अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी के वास्तविक 29 अंक थे, लेकिन OMR स्कैनिंग के दौरान रिकॉर्ड में 190 अंक दर्ज कर दिए गए। इसी फर्जीवाड़े के आधार पर उसका चयन कर लिया गया था।

दोबारा OMR स्कैनिंग में खुला पूरा खेल

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/0Ru15zojK6E?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/0Ru15zojK6E/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

SOG के अनुसार, कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा परीक्षा की दोबारा OMR स्कैनिंग कराए जाने पर इस बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। पुनः जांच में वास्तविक अंक और रिकॉर्ड में दर्ज अंकों के बीच भारी अंतर मिला, जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई।जांच में पुष्टि होने के बाद SOG ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

भरतपुर का रहने वाला है आरोपी

एडीजी SOG विशाल बंसल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान जयप्रकाश (28) निवासी बैलारा, थाना नदबई, जिला भरतपुर के रूप में हुई है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि OMR रिकॉर्ड में हेरफेर कर आरोपी को अनुचित लाभ पहुंचाया गया, जिसके चलते वह अंतिम चयन सूची में शामिल हो गया और नौकरी हासिल करने में सफल रहा।

OMR फर्जीवाड़े की जांच जारी

SOG अब यह पता लगाने में जुटी है कि OMR स्कैनिंग और रिकॉर्ड में बदलाव किस स्तर पर और किन लोगों की मिलीभगत से किया गया। जांच एजेंसी इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि क्या इस भर्ती परीक्षा में इसी तरह के अन्य अभ्यर्थियों को भी अवैध रूप से लाभ पहुंचाया गया था।पूरे नेटवर्क की जांच के लिए तकनीकी और दस्तावेजी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

भर्ती परीक्षाओं में धांधली पर SOG की सख्ती

राजस्थान में पिछले कुछ वर्षों से विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक, डमी अभ्यर्थी और OMR शीट में हेरफेर जैसे मामलों के खुलासे के बाद SOG लगातार कार्रवाई कर रही है। एजेंसी अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और भर्ती घोटालों से जुड़े नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी है।अधिकारियों का कहना है कि भर्ती परीक्षाओं की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं, इस मामले में भी पूछताछ के आधार पर आगे और अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।