राजस्थान पंचायत चुनाव: 23-24 सितंबर को होगी आरक्षण लॉटरी, वीडियो में जाने प्रधान से लेकर सरपंच तक सीटों की तस्वीर होगी साफ
राजस्थान में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव को लेकर लंबे समय से चल रहा इंतजार अब खत्म होने की ओर है। राज्य सरकार ने पंचायत चुनाव से पहले आरक्षण निर्धारण के लिए नई तारीखें तय कर दी हैं। अब प्रधान, पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य के पदों के लिए आरक्षण की लॉटरी 23 सितंबर को निकाली जाएगी। वहीं सरपंच और वार्ड पंच के पदों के लिए आरक्षण की लॉटरी 24 सितंबर को उपखंड स्तर पर होगी।
पंचायतीराज विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार 23 सितंबर को जिला स्तर पर जिला परिषद सदस्य, प्रधान और पंचायत समिति सदस्यों के आरक्षण का निर्धारण किया जाएगा। इसके अगले दिन यानी 24 सितंबर को उपखंड स्तर पर ग्राम पंचायतों के सरपंच और वार्ड पंच पदों की आरक्षण लॉटरी निकाली जाएगी। शासन सचिव एवं पंचायतीराज आयुक्त डॉ. जोगाराम ने प्रदेश के जिला कलेक्टरों और संबंधित अधिकारियों को निर्धारित तारीखों पर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
पहले 17 और 18 सितंबर को होनी थी लॉटरी
आरक्षण लॉटरी के लिए इससे पहले 17 और 18 सितंबर की तारीख तय की गई थी। 17 सितंबर को प्रधान, पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य के आरक्षण की लॉटरी होनी थी, जबकि 18 सितंबर को सरपंच और वार्ड पंचों के पदों के लिए आरक्षण तय किया जाना था। लेकिन 15 सितंबर को इस कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया था। इसके बाद नई तारीखों को लेकर इंतजार बना हुआ था। अब सरकार ने 23 और 24 सितंबर का नया कार्यक्रम जारी कर दिया है।
इससे पहले भी टल चुकी है प्रक्रिया
पंचायत चुनाव की आरक्षण लॉटरी इससे पहले भी स्थगित हो चुकी है। अगस्त में भी आरक्षण प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया था। उस समय 18 अगस्त को सरपंच और वार्ड पंचों के आरक्षण की लॉटरी प्रस्तावित थी। बाद में कार्यक्रम में बदलाव किया गया और 17-18 सितंबर की तारीख तय हुई थी। अब एक बार फिर बदलाव के बाद 23 और 24 सितंबर को आरक्षण की प्रक्रिया पूरी करने का कार्यक्रम तय किया गया है।
निकाय चुनाव के बाद पंचायत चुनाव की तैयारी तेज
आरक्षण लॉटरी के कार्यक्रम में बदलाव का संबंध नगरीय निकायों के चुनावी कार्यक्रम से भी बताया गया है। नगरीय निकायों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों की चुनाव प्रक्रिया के बाद पंचायत चुनाव की तैयारियों को गति देने की कवायद की जा रही है। रिपोर्टों के अनुसार निकायों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पंचायत संस्थाओं के आरक्षण का निर्धारण किया जाएगा।
लॉटरी के बाद साफ होगी चुनावी तस्वीर
आरक्षण लॉटरी पूरी होने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे संभावित उम्मीदवारों के लिए स्थिति काफी हद तक स्पष्ट हो जाएगी। किस पंचायत समिति, जिला परिषद क्षेत्र या ग्राम पंचायत की सीट किस वर्ग के लिए आरक्षित होगी, इसका निर्धारण लॉटरी के बाद सामने आएगा। इसके साथ ही कई संभावित उम्मीदवारों को अपनी चुनावी रणनीति में बदलाव करना पड़ सकता है।
विभाग की ओर से तय कार्यक्रम के मुताबिक 23 सितंबर को जिला स्तर और 24 सितंबर को उपखंड स्तर पर आरक्षण प्रक्रिया पूरी होगी। इसके बाद पंचायत चुनाव की आगे की प्रक्रिया को लेकर भी तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है। राजस्थान में पंचायत चुनाव की पूरी प्रक्रिया 15 नवंबर 2026 तक पूरी कराने का लक्ष्य बताया गया है।