राजस्थान में कांवड़ यात्रा के लिए नई गाइडलाइन जारी: हॉकी-डंडे और तेज डीजे पर रोक, वीडियो में जाने श्रद्धालुओं को साथ रखना होगा पहचान पत्र
कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए राजस्थान पुलिस ने नई गाइडलाइन जारी की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यात्रा के दौरान कांवड़ या हॉकी, डंडे, त्रिशूल, बेसबॉल बैट या अन्य किसी प्रकार के हथियार अपने साथ नहीं ले जा सकेंगे। इसके अलावा ट्रक, ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य वाहनों पर तेज आवाज में डीजे बजाने पर भी रोक रहेगी। राज्य पुलिस ने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को इनका सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
पहचान पत्र रखना होगा अनिवार्य
नई गाइडलाइन के अनुसार, प्रत्येक कांवड़ यात्री को यात्रा के दौरान अपना वैध पहचान पत्र (आईडी) साथ रखना होगा। साथ ही कांवड़ यात्रा केवल निर्धारित मार्गों पर ही निकाली जाएगी। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से तय रूट का पालन करने और पुलिस के निर्देशों का सहयोग करने की अपील की है।
हथियार और तेज डीजे पर सख्ती
पुलिस ने साफ किया है कि धार्मिक यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार के हथियार या हथियारनुमा वस्तुएं ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा वाहनों पर तेज आवाज में डीजे बजाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।अधिकारियों का कहना है कि इन नियमों का उद्देश्य श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकना है।
प्रमुख मार्गों पर 24 घंटे पुलिस तैनात
जयपुर के प्रसिद्ध गलता तीर्थ सहित राज्य के प्रमुख कांवड़ मार्गों पर 24 घंटे पुलिस बल तैनात रहेगा। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस यातायात व्यवस्था पर भी विशेष नजर रखेगी ताकि आम लोगों और कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
सोशल मीडिया पर साइबर सेल की नजर
कांवड़ यात्रा के दौरान सोशल मीडिया पर अफवाह या भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की साइबर सेल विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखेगी। अफवाह फैलाने या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दुकानों के लिए भी जारी हुए निर्देश
पुलिस ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्थित नॉन-वेज दुकानों को साफ-सफाई बनाए रखने और निर्धारित समय का पालन करने के निर्देश दिए हैं। स्थानीय प्रशासन को भी यात्रा मार्गों पर स्वच्छता और व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है।
11 अगस्त तक जारी रहेगी यात्रा
पुलिस मुख्यालय के अनुसार, हरिद्वार से गंगाजल लेकर श्रद्धालु 11 अगस्त तक अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना होंगे। पिछले वर्ष कांवड़ यात्रा के दौरान करीब 4.5 करोड़ श्रद्धालुओं की आवाजाही दर्ज की गई थी। इसी को देखते हुए इस बार भी बड़ी संख्या में शिवभक्तों के आने की संभावना है।
डीजीपी राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर एडीजी (कानून-व्यवस्था) वी.के. सिंह ने सभी जिला पुलिस अधीक्षकों और अधिकारियों को सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन और कानून-व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और शांतिपूर्ण ढंग से कांवड़ यात्रा संपन्न कराएं।