×

राजस्थान ऊर्जा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव IAS आलोक का दिल्ली में निधन, सीएम भजनलाल शर्मा ने जताया दुख

 

राजस्थान के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी और राज्य के अतिरिक्त मुख्य सचिव (ऊर्जा) आलोक का रविवार देर रात दिल्ली स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। वे 1993 बैच के आईएएस अधिकारी थे और राजस्थान प्रशासन में कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे। आलोक ने बूंदी, सवाई माधोपुर, बीकानेर, कोटा और उदयपुर जैसे महत्वपूर्ण जिलों में कलेक्टर के रूप में काम किया था। कुछ समय से थे बीमार आलोक को ऊर्जा और बुनियादी ढांचा विकास के क्षेत्र में विशेषज्ञ माना जाता था और वे देशभर में दूरदर्शी और कुशल प्रशासक के रूप में जाने जाते थे। वे पिछले कुछ दिनों से बीमार थे और मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा हाल ही में आलोक के स्वास्थ्य की जानकारी लेने दिल्ली गए थे और लगातार उनके स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे थे। मुख्यमंत्री ने जताया दुख मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने आईएएस आलोक के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा, 'वे एक योग्य और समर्पित अधिकारी थे। राज्य के लिए ऊर्जा क्षेत्र में उनका योगदान अमूल्य रहा है। भगवान राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।'

गहलोत ने दी श्रद्धांजलि

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा, 'वरिष्ठ आईएएस आलोक का आकस्मिक निधन अत्यंत दुखद है। वे एक योग्य अधिकारी के रूप में जाने जाते थे। उनकी सेवाओं को सदैव याद रखा जाएगा। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।'

राज्य की नौकरशाही सदमे में

आलोक के असामयिक निधन से राज्य की नौकरशाही सदमे में है। ऊर्जा विभाग सहित प्रशासनिक सेवा के सभी वरिष्ठ अधिकारी, पूर्व सहकर्मी एवं कर्मचारी उन्हें एक विवेकशील, संवेदनशील एवं कार्यकुशल अधिकारी के रूप में याद कर रहे हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा उनके परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।