☰
×

यूपी चुनाव की तैयारी में जुटी राजस्थान भाजपा, 51 महिला नेताओं को सौंपी प्रचार की जिम्मेदारी, वीडियो में जाने मदन राठौड़ ने दिखाई हरी झंडी

 

उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। चुनावी रणनीति के तहत राजस्थान भाजपा महिला मोर्चा की 51 महिला नेताओं को उत्तर प्रदेश में विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। गुरुवार को जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय से इन महिला नेताओं का दल उत्तर प्रदेश के लिए रवाना हुआ। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ ने हरी झंडी दिखाकर उन्हें रवाना किया। इस टीम में पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, पूर्व महापौर, पूर्व सभापति, प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष और महिला मोर्चा की अलग-अलग इकाइयों से जुड़ी नेता शामिल हैं।

पार्टी की योजना इन महिला नेताओं के जरिए उत्तर प्रदेश के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाने की है। उनका मुख्य फोकस महिला मतदाताओं से संवाद करना, स्थानीय महिला कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना और भाजपा सरकार की योजनाओं और कामकाज की जानकारी लोगों तक पहुंचाना होगा।

लखनऊ में मिलेगी चुनावी रणनीति की ट्रेनिंग

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/5fIQkOcJCTk?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/5fIQkOcJCTk/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

जयपुर से रवाना हुआ महिला नेताओं का दल शुक्रवार, 20 नवंबर को लखनऊ पहुंचा। यहां उन्हें उत्तर प्रदेश के राजनीतिक और भौगोलिक हालात को लेकर प्रशिक्षण दिया जाना है। इस दौरान प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों, विधानसभा क्षेत्रों की स्थिति, स्थानीय संगठन की कार्यप्रणाली और राजस्थान से सटे जिलों के बारे में जानकारी दी जाएगी।इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में रहने वाले प्रवासी राजस्थानियों के बारे में भी महिला नेताओं को बताया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद प्रत्येक नेता को अलग-अलग विधानसभा क्षेत्र में जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। वे स्थानीय भाजपा संगठन के साथ मिलकर महिला मतदाताओं से संपर्क करेंगी और पार्टी के जनसंपर्क अभियान में भाग लेंगी।

राखी राठौड़ बोलीं- यूपी में महिलाओं की स्थिति बदली

इस मौके पर राजस्थान महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष राखी राठौड़ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा का शासन आने से पहले महिलाओं के लिए घर से बाहर निकलना भी मुश्किल था। उनके मुताबिक, पिछले करीब 10 वर्षों में भाजपा के शासनकाल में महिलाओं की सुरक्षा और घर से बाहर निकलने की स्थिति में बदलाव आया है।राखी राठौड़ ने कहा कि राजस्थान से जाने वाली महिला नेता इसी संदेश को लेकर उत्तर प्रदेश के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में काम करेंगी। वे महिलाओं से सीधे संवाद करेंगी और उन्हें भाजपा सरकार की योजनाओं तथा उपलब्धियों के बारे में बताएंगी। उन्होंने कहा कि पार्टी ने महिला नेताओं को जो जिम्मेदारी दी है, वे उसे स्थानीय संगठन के साथ मिलकर पूरा करेंगी।

पूर्व सांसद और विधायकों सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल

उत्तर प्रदेश जाने वाली 51 सदस्यीय टीम में कई अनुभवी महिला नेता शामिल हैं। इनमें पूर्व सांसद रंजीता कोली, पूर्व विधायक अमृता मेघवाल, रानी सिलोदिया और प्रमिला कुंडारा प्रमुख हैं। इनके अलावा पूर्व महापौर कुसुम यादव, विनीता सेठ और संगीता सोलंकी को भी टीम में शामिल किया गया है।पूर्व सभापति विमला शर्मा और सुमित्रा जैन, पूर्व जिला प्रमुख भगवती सांखला तथा पूर्व प्रधान अनुश्री पूनिया भी इस दल का हिस्सा हैं। पार्टी ने इन नेताओं के राजनीतिक और संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए अलग-अलग क्षेत्रों में जिम्मेदारी देने की योजना बनाई है।

चुनाव की घोषणा के बाद दोबारा भेजी जाएंगी नेता

पार्टी की योजना फिलहाल इन महिला नेताओं को उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक कामकाज और जनसंपर्क का अनुभव देने की है। चुनाव कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा होने के बाद इन्हें दोबारा उन्हीं विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार के लिए भेजा जा सकता है, जहां अभी जिम्मेदारी दी जा रही है।इस तरह राजस्थान भाजपा की महिला नेताओं को उत्तर प्रदेश चुनाव की तैयारियों से जोड़कर पार्टी महिला मतदाताओं के बीच अपना जनसंपर्क मजबूत करने की कोशिश कर रही है।