PTI भर्ती-2022: हाईकोर्ट का आदेश, वीडियो में जाने विवादित सवालों पर एक्सपर्ट कमेटी की रिपोर्ट होगी सार्वजनिक
राजस्थान हाईकोर्ट ने पीटीआई भर्ती-2022 में विवादित सवालों को लेकर महत्वपूर्ण आदेश दिया है। अदालत ने भर्ती परीक्षा के सवालों की जांच के लिए गठित एक्सपर्ट कमेटी की रिपोर्ट सार्वजनिक करने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) को रिपोर्ट अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड करने को कहा है। इससे भर्ती में शामिल अभ्यर्थियों को यह जानकारी मिल सकेगी कि विवादित सवालों के जवाब तय करने के लिए एक्सपर्ट ने किन पाठ्यपुस्तकों और लेखकों की पुस्तकों को आधार बनाया था।जस्टिस अनूप ढंढ की अदालत ने जुबैर खान और अन्य की ओर से दायर याचिकाओं का निस्तारण करते हुए यह आदेश दिया। हालांकि, अदालत ने स्पष्ट किया कि एक्सपर्ट कमेटी के सदस्यों के नाम सार्वजनिक नहीं किए जाएंगे। बोर्ड को रिपोर्ट अपलोड करते समय विशेषज्ञों की पहचान गोपनीय रखनी होगी।
अभ्यर्थियों को मिल सकेगा जवाबों का आधार
हाईकोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि कर्मचारी चयन बोर्ड एक्सपर्ट कमेटी की रिपोर्ट आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए। रिपोर्ट सार्वजनिक होने से अभ्यर्थी यह देख सकेंगे कि जिन विवादित सवालों के जवाबों को विशेषज्ञों ने सही माना है, उनके समर्थन में कौन-सी पाठ्यपुस्तक या लेखक की पुस्तक का संदर्भ लिया गया है।दरअसल, भर्ती परीक्षाओं में सवालों के सही जवाब तय करने को लेकर अभ्यर्थियों की ओर से अक्सर आपत्तियां दर्ज कराई जाती हैं। ऐसे में जवाबों के पीछे इस्तेमाल किए गए शैक्षणिक स्रोतों की जानकारी मिलने से अभ्यर्थियों को बोर्ड के फैसले का आधार समझने में मदद मिलेगी। कोर्ट ने रिपोर्ट सार्वजनिक करने का निर्देश देते हुए विशेषज्ञों की पहचान सुरक्षित रखने की बात भी कही है।
2022 में निकली थी साढ़े पांच हजार पदों पर भर्ती
अधिवक्ता रामप्रताप सैनी के अनुसार, राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने साल 2022 में शारीरिक शिक्षा शिक्षक (पीटीआई) के करीब साढ़े पांच हजार पदों पर भर्ती निकाली थी। परीक्षा के बाद बोर्ड ने मॉडल आंसर-की जारी की थी। इसमें दिए गए उत्तरों को लेकर अभ्यर्थियों ने कई सवालों पर आपत्तियां दर्ज कराई थीं।अभ्यर्थियों की ओर से उठाई गई आपत्तियों की जांच के लिए बोर्ड ने विशेषज्ञ कमेटी गठित की थी। कमेटी ने विवादित सवालों और उनके जवाबों की समीक्षा की। इसके बाद बोर्ड ने कुछ आपत्तियों को स्वीकार करते हुए फाइनल आंसर-की जारी कर दी, जबकि शेष आपत्तियों को खारिज कर दिया गया।
रिपोर्ट से स्पष्ट होगा कि जवाब कैसे तय हुए
बोर्ड की ओर से कई आपत्तियां खारिज किए जाने के बाद अभ्यर्थियों के बीच विवादित सवालों के सही जवाब और उन्हें निर्धारित करने के आधार को लेकर सवाल बने हुए थे। इसी मामले में जुबैर खान और अन्य याचिकाकर्ताओं ने हाईकोर्ट का रुख किया था।अब अदालत के आदेश के बाद कर्मचारी चयन बोर्ड को एक्सपर्ट कमेटी की रिपोर्ट अपनी वेबसाइट पर अपलोड करनी होगी। इससे अभ्यर्थी विवादित सवालों के जवाबों के समर्थन में इस्तेमाल किए गए संदर्भों और पुस्तकों की जानकारी हासिल कर सकेंगे। हालांकि, रिपोर्ट में विशेषज्ञों के नाम गोपनीय रखे जाएंगे। हाईकोर्ट के इस आदेश को पीटीआई भर्ती-2022 के अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।