खाटूश्यामजी फाल्गुनी लक्खी मेले की तैयारियां अंतिम चरण में, आज होगी समीक्षा बैठक
राजस्थान के खाटूश्यामजी में बाबा श्याम के वार्षिक फाल्गुनी लक्खी मेले को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र खाटू श्याम मंदिर में व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। कानून-व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग, चिकित्सा सुविधा, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष फोकस किया जा रहा है।
जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा आज थाना परिसर में अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे। पहले यह बैठक दोपहर 2 बजे प्रस्तावित थी, लेकिन अब समय बदलकर 12 बजे कर दिया गया है।
प्रशासन की ओर से भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के लिए विशेष प्लान तैयार किया गया है। पुलिस, चिकित्सा, नगर परिषद और अन्य विभागों को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
फाल्गुनी लक्खी मेला हर साल देश-विदेश से आने वाले भक्तों के कारण विशेष महत्व रखता है, और इस बार भी रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।