पाटागोह को बाइक से बांधकर सड़क पर घसीटा: वीडियो वायरल होने पर वन विभाग की कार्रवाई, आरोपी को 15 दिन की जेल
पाली के रोहट क्षेत्र में मॉनिटर लिजर्ड यानी पाटागोह के साथ क्रूरता का वीडियो सामने आया है। एक युवक ने वन्यजीव को बाइक के पीछे रस्सी से बांध दिया और सड़क पर घसीटता हुआ ले गया। वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग हरकत में आया और बाइक सवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 15 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
बाइक के पीछे बंधा था पाटागोह
उप वन संरक्षक सरवन कुमार रेड्डी ने बताया कि रोहट क्षेत्र के दूधिया के पास सड़क पर बाइक चलाते एक व्यक्ति का वीडियो सामने आया था। वीडियो में बाइक के पीछे मॉनिटर लिजर्ड यानी पाटागोह रस्सी से बंधा हुआ दिखाई दे रहा था।युवक बाइक चला रहा था और वन्यजीव उसके पीछे सड़क पर घिसट रहा था। वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बाइक सवार की पहचान कर कार्रवाई शुरू की।
ओमाराम गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल
वन विभाग ने बाइक सवार ओमाराम को गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपी को 15 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।वन विभाग की कार्रवाई के बाद वन्यजीवों के साथ इस तरह की क्रूरता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश गया है।
राजस्थान में पाया जाता है मॉनिटर लिजर्ड
मॉनिटर लिजर्ड को राजस्थान में आम बोलचाल की भाषा में गोह या गोहरा भी कहा जाता है। यह मुख्य रूप से जमीन पर रहने वाला सरीसृप है। इसका भोजन कीड़े-मकोड़े और दूसरे छोटे जीव होते हैं।गोह को लेकर लोगों के बीच कई तरह की भ्रांतियां भी हैं, जबकि यह सामान्यतः इंसानों से दूरी बनाए रखता है और बिना उकसावे के हमला करने वाला जीव नहीं माना जाता।
पकड़ना या मारना कानूनन अपराध
वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत मॉनिटर लिजर्ड जैसे संरक्षित वन्यजीव को पकड़ना, मारना या उसका अवैध व्यापार करना अपराध है। ऐसे मामलों में वन विभाग कानूनी कार्रवाई कर सकता है।रोहट की इस घटना में वीडियो सामने आने के बाद विभाग की त्वरित कार्रवाई से मामला सामने आया और आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।