भीलवाड़ा में कार से 100 किलो से ज्यादा डोडा चूरा बरामद, फुटेज में देंखे एक तस्कर गिरफ्तार: दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागे; अल्काजार कार जब्त
राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बनेड़ा थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने संयुक्त अभियान चलाकर हुंडई अल्काजार कार से 100 किलो 440 ग्राम अफीम डोडा चूरा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि कार में सवार दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी जब्त कर लिया है।कार्रवाई लापिया गांव के पास की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक हुंडई अल्काजार कार में अवैध मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है। इसके बाद पुलिस और डीएसटी की टीम ने संयुक्त रूप से नाकाबंदी कर कार को रुकवाया। तलाशी के दौरान कार में रखे पांच प्लास्टिक के कट्टों से भारी मात्रा में डोडा चूरा बरामद हुआ।
डीएसटी की सूचना पर पुलिस ने की नाकाबंदी
बनेड़ा थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि जिला स्पेशल टीम के हेड कांस्टेबल कालूराम धायल को सूचना मिली थी कि एक हुंडई अल्काजार कार में अवैध मादक पदार्थ की खेप ले जाई जा रही है। डीएसटी की टीम कार का पीछा कर रही थी। इसके बाद हेड कांस्टेबल ने बनेड़ा थाने में इसकी जानकारी दी।सूचना मिलते ही बनेड़ा थाना पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने डीएसटी की टीम के साथ मिलकर लापिया बॉर्डर के पास नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद संदिग्ध कार वहां पहुंची। पुलिस ने उसे रुकवाकर जांच शुरू की।
कार रुकते ही दो आरोपी फरार
पुलिस के अनुसार, जैसे ही कार को रुकवाया गया, उसमें सवार दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले। पुलिस ने उनका पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन वे पकड़ में नहीं आए। वहीं, कार में मौजूद एक अन्य व्यक्ति को पुलिस ने पकड़ लिया।पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम विक्रम कुमार सैनी पुत्र पूरणमल सैनी बताया। वह झुंझुनूं जिले का निवासी है। पुलिस अब उससे मादक पदार्थ की खेप के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पांच कट्टों में भरा था 100 किलो डोडा चूरा
पुलिस ने जब अल्काजार कार की तलाशी ली तो उसमें पांच प्लास्टिक के कट्टे रखे मिले। इन कट्टों में अफीम का डोडा चूरा भरा हुआ था। पुलिस ने मौके पर ही उसका वजन करवाया, जो कुल 100.440 किलो निकला।इसके बाद पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर लिया और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हुंडई अल्काजार कार को भी कब्जे में ले लिया। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अब फरार दोनों आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि डोडा चूरा कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही तस्करी के इस नेटवर्क में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।भीलवाड़ा पुलिस की इस कार्रवाई से मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान को गति मिली है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस को फरार आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।