×

17 सितंबर को बाबा श्याम का होगा विशेष तिलक श्रृंगार,  19 घंटे बंद रहेंगे मंदिर के पट

 

राजस्थान के प्रसिद्ध खाटूश्याम मंदिर में 17 सितंबर को बाबा श्याम का विशेष तिलक श्रृंगार और पूजा-अनुष्ठान किया जाएगा। इस विशेष धार्मिक आयोजन के चलते मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए दर्शन कुछ समय के लिए बंद रहेंगे।श्रीश्याम मंदिर कमेटी की ओर से जारी सार्वजनिक सूचना के अनुसार, 16 सितंबर की रात 10 बजे से 17 सितंबर की शाम 5 बजे तक बाबा श्याम मंदिर के पट बंद रहेंगे। इस दौरान श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन नहीं कर सकेंगे।

विशेष पूजा और तिलक श्रृंगार का होगा आयोजन

श्रीश्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि बाबा श्याम की सेवा-पूजा, विशेष अनुष्ठान और तिलक कार्यक्रम भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा।उन्होंने बताया कि धार्मिक परंपरा के अनुसार होने वाले इस विशेष आयोजन के दौरान बाबा श्याम का आकर्षक श्रृंगार किया जाएगा। पूजा और अनुष्ठान की तैयारियां मंदिर प्रशासन  ओर से पूरी कर ली गई हैं।

19 घंटे बंद रहेंगे दर्शन

मंदिर कमेटी ने बताया कि विशेष पूजा कार्यक्रम के कारण करीब 19 घंटे तक श्रद्धालुओं के लिए दर्शन व्यवस्था बंद रहेगी।कमेटी ने भक्तों से अपील की है कि वे मंदिर आने से पहले निर्धारित समय का ध्यान रखें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

शाम 5 बजे बाद फिर शुरू होंगे दर्शन

श्रीश्याम मंदिर कमेटी के अनुसार, 17 सितंबर की शाम 5 बजे के बाद मंदिर के पट दोबारा श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके बाद भक्त बाबा श्याम के दर्शन कर सकेंगे।खाटूश्याम मंदिर राजस्थान ही नहीं, बल्कि देशभर के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। विशेष पर्व और अनुष्ठानों के दौरान यहां बड़ी संख्या में भक्त पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर कमेटी ने पहले ही सूचना जारी कर श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील की है।