नागौर पुलिस की बड़ी सफलता, 1.35 करोड़ रुपये मूल्य की MDMA ड्रग्स बरामद, गुप्त तहखाने का खुलासा
राजस्थान के नागौर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। खींवसर थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (DST) की संयुक्त कार्रवाई में 1 करोड़ 35 लाख रुपये मूल्य की एमडीएमए (MDMA) ड्रग्स बरामद की गई है। यह मादक पदार्थ बाथरूम में बने एक गुप्त तहखाने में छिपाकर रखा गया था।
पुलिस के अनुसार, खुफिया सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। टीम ने संदेहास्पद गतिविधियों की निगरानी करते हुए मादक पदार्थों के भंडारण स्थल का पता लगाया। तलाशी के दौरान पुलिस को बाथरूम में एक विशेष रूप से छिपाया गया तहखाना मिला, जिसमें MDMA की बड़ी खेप छुपाई गई थी।
खींवसर थाना पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई ऑपरेशन नीलकंठ के तहत हुई थी, जो जिले में नशे के कारोबार को रोकने और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए चलाया जा रहा है। बरामद की गई ड्रग्स की अनुमानित बाजार कीमत 1 करोड़ 35 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस सफलता से इलाके में नशे के व्यापारियों को बड़ा झटका लगा है और इससे नशे की सप्लाई चैन पर भी असर पड़ेगा। आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और पूछताछ जारी है।
DST और स्थानीय पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने को दें। अधिकारीयों ने चेताया कि नशे के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और ऐसे अपराधियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।