जयपुर में सास-बहू के विवाद के बाद 50 फीट गहरे कुएं में कूदी सास, वीडियो में देंखे पुलिसकर्मी ने खाट के सहारे बचाई जान
जयपुर के दौलतपुरा थाना इलाके के चोंप गांव में सास-बहू के बीच हुए विवाद के बाद एक महिला ने 50 फीट गहरे कुएं में छलांग लगा दी। महिला रात में घर से निकलकर खेत में बने सूखे कुएं में कूद गई थी। गनीमत रही कि सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद परिजनों ने उसे नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती करवाया।
दौलतपुरा थानाधिकारी महेंद्र सिंह यादव ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 9 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को एक महिला के कुएं में कूदने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस की पीसीआर टीम को मौके पर रवाना किया गया। टीम महज 10 मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंच गई।
घर से 200 मीटर दूर खेत में बने कुएं में कूदी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला का सास-बहू के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद वह रात में घर से बाहर निकल गई। घर से करीब 200 मीटर दूर उसके खेत में लगभग 50 फीट गहरा सूखा कुआं बना हुआ है। महिला ने इसी कुएं में छलांग लगा दी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचने लगे। कुछ ही देर में वहां ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। कुआं काफी गहरा होने के कारण महिला को बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण था।
महिला कॉन्स्टेबल और ड्राइवर ने संभाला मोर्चा
मौके पर पहुंची पीसीआर में महिला कॉन्स्टेबल राजकिरण और ड्राइवर कॉन्स्टेबल तेजपाल तैनात थे। दोनों ने बिना देर किए बचाव अभियान शुरू कर दिया। कॉन्स्टेबल तेजपाल खुद कुएं में उतर गए और सूझबूझ दिखाते हुए महिला को बाहर निकालने की कोशिश की।
पुलिसकर्मियों ने खाट की मदद से महिला को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाल लिया। समय रहते हुई इस कार्रवाई से उसकी जान बच गई। इसके बाद परिजन महिला को उपचार के लिए पास के निजी अस्पताल ले गए।
पुलिस की तत्परता से बची महिला की जान
घटना के दौरान पुलिसकर्मियों की तत्परता और सूझबूझ की वजह से महिला को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। सूचना मिलने के महज 10 मिनट में पीसीआर के पहुंचने और तुरंत रेस्क्यू शुरू करने से बड़ा हादसा टल गया।
प्रारंभिक जानकारी में सास-बहू के बीच विवाद को महिला के इस कदम की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, विवाद किन बातों को लेकर हुआ था, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल महिला का अस्पताल में उपचार जारी है।