☰
×

जयपुर के गलताजी में छठ पर उमड़ा आस्था का सैलाब, 3 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने दिया डूबते सूर्य को अर्घ्य

 

लोक आस्था के महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार शाम जयपुर के गलताजी तीर्थ में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। अरावली की वादियों के बीच स्थित पवित्र कुंडों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। दोपहर बाद से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। शाम होते-होते 3 लाख से अधिक लोग गलताजी पहुंच गए।

शाम करीब 5:35 बजे सूर्यास्त के समय हजारों व्रतियों ने कमर तक पानी में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान घाटों पर छठी मैया और सूर्य देव की आराधना के साथ पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

बांस के दउरे और पारंपरिक गीतों से सजा गलता तीर्थ

छठ पूजा के लिए श्रद्धालु सिर पर बांस के दउरे और टोकरियों में पूजा सामग्री लेकर पहुंचे। इनमें ठेकुआ, गन्ना, नारियल और मौसमी फल रखे हुए थे। पुरुष नंगे पांव पूजा सामग्री लेकर घाटों की ओर जाते दिखाई दिए, वहीं महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सजकर पूजा में शामिल हुईं। श्रद्धालुओं के जत्थों और छठ के पारंपरिक रीति-रिवाजों के कारण गलता तीर्थ का नजारा मिनी बिहार जैसा दिखाई दिया।

घाटों पर महिलाओं ने छठ के पारंपरिक लोकगीत गाए। 'कांच ही बांस के बहंगिया' जैसे लोकगीतों से पूरा तीर्थ क्षेत्र गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

36 घंटे का निर्जला व्रत, सोमवार को होगा समापन

शनिवार को खरना के बाद से व्रतियों का 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास जारी है। छठ महापर्व के चौथे और अंतिम दिन सोमवार सुबह व्रती उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके बाद पारण के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।