×

राजस्थान में मानसून का कहर, कई जिलों में मूसलाधार बारिश; वीडियो में जाने जोधपुर में सड़कों पर बही नदी, 6 ट्रेनें रद्द

 

राजस्थान में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और लगातार हो रही भारी बारिश ने कई जिलों में जनजीवन प्रभावित कर दिया है। शुक्रवार को सिरोही, अलवर, राजसमंद, कोटपूतली-बहरोड़, टोंक, जालोर, श्रीगंगानगर और जोधपुर समेत कई जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई। कहीं जलभराव तो कहीं बिजली गिरने और नहर टूटने से नुकसान की खबरें सामने आई हैं। मौसम विभाग ने 27 जुलाई तक राज्य में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/3IU2irYZWw0?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/3IU2irYZWw0/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

जोधपुर में तीन घंटे की बारिश से जलमग्न हुआ शहर

जोधपुर में करीब तीन घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी। कई प्रमुख सड़कों और गलियों में पानी नदी की तरह बहता नजर आया। निचले इलाकों में जलभराव के कारण लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई वाहन पानी में फंस गए और यातायात प्रभावित रहा।

सिरोही और माउंट आबू में झरने हुए सक्रिय

सिरोही में करीब ढाई घंटे तक हुई लगातार बारिश से सड़कों पर पानी भर गया। वहीं, पर्यटन स्थल माउंट आबू में लगभग 8 इंच बारिश दर्ज की गई। भारी वर्षा के बाद पहाड़ियों से झरने बहने लगे, जिससे प्राकृतिक सौंदर्य निखर उठा। हालांकि प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से नदी-नालों तथा झरनों के आसपास सावधानी बरतने की अपील की है।

चित्तौड़गढ़ में बिजली गिरने से मकान ढहा

चित्तौड़गढ़ जिले में बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक मकान क्षतिग्रस्त होकर ढह गया। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। राहत की बात यह रही कि किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं मिली।

बीकानेर में नहर टूटी, 300 बीघा फसल बर्बाद

बीकानेर जिले के लूणकरणसर क्षेत्र में कंवरसेन नहर का चैनल टूटने से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। नहर का पानी खेतों में भर जाने से करीब 300 बीघा में खड़ी मूंगफली और कपास की फसल बर्बाद हो गई। प्रभावित किसानों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।

रेलवे सेवाओं पर भी पड़ा असर

महाराष्ट्र और गुजरात में हो रही भारी बारिश का असर राजस्थान के रेलवे संचालन पर भी देखने को मिला है। मुंबई रूट पर चलने वाली 6 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जबकि 2 ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द किया गया है। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जांचने की अपील की है।

27 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, राजस्थान में 27 जुलाई तक कई जिलों में तेज और भारी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। विभाग ने लोगों को जलभराव वाले क्षेत्रों, नदी-नालों और कमजोर भवनों से दूर रहने की सलाह दी है।प्रशासन ने सभी जिलों में राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट मोड पर रखा है। लगातार हो रही बारिश से जहां किसानों और आम लोगों को राहत मिली है, वहीं कई इलाकों में जलभराव, फसल नुकसान और यातायात बाधित होने जैसी समस्याएं भी सामने आ रही हैं। आने वाले दिनों में मौसम की स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।