×

राजस्थान में फिर सक्रिय हुआ मानसून, उदयपुर में उफनाई वाकल नदी, वीडियो में जाने मेनाल झरना हुआ जीवंत; कई जिलों में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित

 

राजस्थान में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। मंगलवार को राज्य के कई जिलों में हुई तेज बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। लगातार बारिश के कारण नदियां और नाले उफान पर हैं, कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जबकि कुछ स्थानों पर जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। उदयपुर, चित्तौड़गढ़, टोंक, भरतपुर, सीकर, जयपुर, कोटा और सवाई माधोपुर समेत कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई।

उदयपुर में वाकल नदी उफान पर, गांवों का संपर्क टूटा

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/cpU3QRybdj4?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/cpU3QRybdj4/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

उदयपुर जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते वाकल नदी उफान पर आ गई। नदी का जलस्तर बढ़ने से आसपास के कई गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से टूट गया। प्रशासन ने लोगों से नदी और रपटों को पार नहीं करने की अपील की है।

मेनाल झरना फिर हुआ गुलजार

चित्तौड़गढ़ जिले के बेगूं क्षेत्र में मंगलवार शाम हुई तेज बारिश के बाद प्रसिद्ध मेनाल झरना पूरे वेग से बहने लगा। करीब 150 फीट ऊंचाई से गिरता झरना मानसून की सुंदरता का आकर्षक दृश्य पेश कर रहा है। झरने में पानी आने से स्थानीय लोगों और पर्यटकों में उत्साह देखा जा रहा है।

भरतपुर रेलवे स्टेशन की दीवार का हिस्सा ढहा

भरतपुर में भारी बारिश के बीच रेलवे स्टेशन परिसर में करीब 15 फीट लंबी दीवार का हिस्सा ढह गया। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। सुरक्षा के मद्देनजर प्रभावित क्षेत्र को खाली कराया गया और अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया।

टोंक में घरों और कलेक्ट्रेट परिसर में घुसा पानी

टोंक जिले में मूसलाधार बारिश के कारण कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया। बारिश का पानी कई घरों के साथ-साथ कलेक्ट्रेट परिसर में भी घुस गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सीकर के फतेहपुर बाजार में जलभराव

सीकर जिले के फतेहपुर कस्बे में तेज बारिश के बाद मुख्य बाजार में करीब आधा फीट तक पानी भर गया। जलभराव के कारण दुकानदारों और राहगीरों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, जबकि कई स्थानों पर यातायात भी प्रभावित हुआ।

कई जिलों में झमाझम बारिश

मंगलवार को जयपुर, सवाई माधोपुर, धौलपुर, अलवर, भरतपुर, चूरू, चित्तौड़गढ़, टोंक, कोटपूतली-बहरोड़ और कोटा सहित अनेक जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। इससे किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई है और खरीफ फसलों के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हैं।

सिरोही में कच्चा मकान ढहा, बुजुर्ग की मौत

सिरोही जिले के चंद्रावती क्षेत्र में सोमवार रात हुई भारी बारिश के कारण एक कच्चा मकान ढह गया। हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और प्रभावित परिवार को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।

नई बनी दीवार भी बारिश में ढही

चित्तौड़गढ़ जिले के राशमी क्षेत्र में स्थित रोशनेश्वर महादेव वाटिका की पिछले महीने ही बनी दीवार सोमवार रात की बारिश में भरभराकर गिर गई। घटना के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठने लगे हैं।

मौसम विभाग ने सतर्क रहने की दी सलाह

सोमवार को भी जयपुर, बीकानेर, जोधपुर और सवाई माधोपुर सहित कई जिलों में दो इंच तक बारिश दर्ज की गई थी। लगातार सक्रिय मानसून को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों, उफनती नदियों और नालों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही स्थानीय प्रशासन को भी संवेदनशील इलाकों पर नजर रखने और आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।राजस्थान में मानसून की सक्रियता से जहां मौसम सुहावना हुआ है, वहीं कई इलाकों में जलभराव, सड़क संपर्क टूटने और मकान ढहने जैसी घटनाओं ने लोगों की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य जारी हैं।