×

राजस्थान में मानसून की धमाकेदार एंट्री, वीडियो में जाने जयपुर समेत कई जिलों में झमाझम बारिश, 25 जिलों में आज भी अलर्ट

 

राजस्थान में लंबे इंतजार के बाद आखिरकार गुरुवार को मानसून ने दस्तक दे दी। मानसून की एंट्री के साथ ही राजधानी जयपुर, दौसा, चित्तौड़गढ़, अलवर समेत कई जिलों में बुधवार रात से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। बारिश और घने बादलों के कारण तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है।भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार के लिए भी राज्य के 25 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में कई हिस्सों में तेज बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

जयपुर समेत कई जिलों में मौसम हुआ सुहाना

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/jqcsGf7SUvQ?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/jqcsGf7SUvQ/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

राजधानी जयपुर में गुरुवार सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है। दौसा, अलवर और चित्तौड़गढ़ सहित कई जिलों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। चित्तौड़गढ़ जिले के कई क्षेत्रों में पिछले 24 घंटे के दौरान एक से डेढ़ इंच तक बारिश रिकॉर्ड की गई है। लगातार बादल छाए रहने और ठंडी हवाएं चलने से मौसम पूरी तरह बदल गया है।

सीमावर्ती जिलों में अब भी गर्मी का असर

हालांकि, राजस्थान-पाकिस्तान सीमा से लगे पश्चिमी जिलों में अभी भी भीषण गर्मी का असर बना हुआ है। इन इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ इन क्षेत्रों में भी राहत मिलने की संभावना है।

देरी से पहुंचा मानसून, अब होगी अच्छी बारिश

इस वर्ष मानसून सामान्य से कुछ दिन की देरी से राजस्थान पहुंचा। इसके चलते जून के अंतिम दिनों तक राज्य में गर्मी और उमस का असर बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार, जयपुर में मानसून करीब तीन से चार दिन की देरी से पहुंचा है। विशेषज्ञों का अनुमान है कि मानसून के सक्रिय होते ही राज्य में तेज बारिश का दौर शुरू होगा। जुलाई के पहले सप्ताह में सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना जताई गई है, जिससे कृषि कार्यों को भी गति मिलेगी और जलाशयों में पानी की आवक बढ़ेगी।मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।