राजस्थान में मानसून कमजोर, अब तक सामान्य से 18% कम बारिश; वीडियो में जाने 21 जुलाई से फिर तेज होंगे बारिश के आसार
राजस्थान में इस बार मानसून की रफ्तार धीमी बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अब तक सामान्य से करीब 18 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। हालांकि, आने वाले दिनों में मानसून गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। शुक्रवार को प्रदेश के 19 जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं, जबकि 20 जुलाई को 17 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 21 जुलाई से राजस्थान में मानसून फिर सक्रिय होगा और कई इलाकों में बारिश का दौर तेज हो सकता है।
बारिश कम होने से बढ़ा तापमान
मानसून की कमजोरी का असर प्रदेश के तापमान पर भी दिखाई दे रहा है। बारिश नहीं होने के कारण जयपुर समेत कई जिलों में गर्मी बढ़ गई है।गुरुवार को चूरू प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, बीकानेर में भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रहा।पिछले कुछ दिनों से सबसे ज्यादा तापमान दर्ज करने वाले श्रीगंगानगर में गुरुवार को बारिश के बाद राहत मिली। यहां 17 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जिसके बाद तापमान 40 डिग्री से नीचे पहुंच गया।
19 जिलों में हल्की बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को राजस्थान के 19 जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं, 20 जुलाई को प्रदेश के 17 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी और अन्य मौसमी सिस्टम के प्रभाव से राजस्थान में बारिश की गतिविधियां दोबारा बढ़ सकती हैं।
21 जुलाई से फिर सक्रिय होगा मानसून
मौसम विभाग ने राहत भरा पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि 21 जुलाई से प्रदेश में मानसून की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी।सबसे पहले पूर्वी राजस्थान के कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन के साथ बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। इसके बाद 22 और 23 जुलाई से पश्चिमी और मध्य राजस्थान के इलाकों में भी बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं।
किसानों को बारिश का इंतजार
राजस्थान में खरीफ फसलों की बुवाई के लिए मानसूनी बारिश बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है। कम बारिश के कारण कई इलाकों में किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले दिनों में यदि अच्छी बारिश होती है तो फसलों को फायदा मिलेगा और बारिश की कमी की भरपाई कुछ हद तक हो सकती है।फिलहाल मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और बारिश से जुड़े अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है। आने वाले सप्ताह में प्रदेश में मानसून के फिर सक्रिय होने से लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।