जैसलमेर में शराब ठेके पर बदमाशों का हमला, सेल्समैन को पीटा और सड़क पर घसीटा; CCTV में कैद हुई वारदात
राजस्थान के जैसलमेर जिले में बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। यहां मोहनगढ़ थाना क्षेत्र में कुछ बदमाशों ने शराब के ठेके में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। बदमाशों ने ठेके पर मौजूद सेल्समैन के साथ मारपीट की और उसे सड़क पर घसीटकर घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी दुकान से शराब और बीयर की बोतलें लूटकर फरार हो गए।पूरी वारदात शराब ठेके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
रात में ठेके में घुसे बदमाश
जानकारी के अनुसार, यह घटना सोमवार रात मोहनगढ़ थाना क्षेत्र के एक शराब ठेके पर हुई। बताया जा रहा है कि कुछ बदमाश अचानक शराब की दुकान में पहुंचे और वहां मौजूद सेल्समैन के साथ मारपीट शुरू कर दी।बदमाशों ने सेल्समैन को बुरी तरह पीटा और उसे दुकान से बाहर सड़क तक घसीटकर ले गए। हमले में सेल्समैन गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद आरोपी दुकान में रखी शराब और बीयर की बोतलें लेकर मौके से फरार हो गए।
घायल सेल्समैन अस्पताल में भर्ती
हमले में घायल सेल्समैन की पहचान भरत निवासी मोहनगढ़ के रूप में हुई है। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। इसके आधार पर मोहनगढ़ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश
मोहनगढ़ थाना पुलिस के एएसआई तनेराव सिंह ने बताया कि पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लि गया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।पुलिस ने शराब ठेके के साथ-साथ आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि बदमाशों के आने-जाने के रास्ते और पूरी घटना की जानकारी जुटाई जा सके।एएसआई ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान कर ली गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इलाके में बढ़ी सुरक्षा की चिंता
शराब ठेके पर हुई इस वारदात के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर बदमाश इस तरह खुलेआम किसी दुकान में घुसकर हमला कर सकते हैं तो आम लोगों की सुरक्षा भी चिंता का विषय है।पुलिस ने लोगों को भरोसा दिलाया है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस टीम बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज है और लोगों की नजर अब पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हुई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द गिरफ्तारी होने की उम्मीद जताई जा रही है।