डीग में मामूली विवाद बना हत्या की वजह: थप्पड़ का बदला लेने के लिए महिला को मारी गोली, आरोपी गिरफ्तार
राजस्थान के डीग जिले में एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। जनूथर थाना क्षेत्र के मवई गांव में एक युवक ने कथित तौर पर थप्पड़ मारने की रंजिश में महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक देसी कट्टा भी बरामद कर लिया है।
खेत से लौट रही महिला पर की फायरिंग
पुलिस के अनुसार, घटना रविवार सुबह करीब 9 बजे जनूथर थाना क्षेत्र के मवई गांव में हुई। गांव निवासी गीता देवी खेत से चारा लेकर अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान आरोपी ने उन पर फायरिंग कर दी।गोली लगने से गीता देवी गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर गईं। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उन्हें तत्काल भरतपुर के आरबीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
थप्पड़ मारने की रंजिश में की हत्या
प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला से पुरानी रंजिश रखता था। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले घर के सामने खड़े होने को लेकर हुए विवाद में महिला ने आरोपी को थप्पड़ मार दिया था।पुलिस के अनुसार, आरोपी इसी बात से नाराज था और उसने बदला लेने की नीयत से महिला पर गोली चला दी। हालांकि, पुलिस पूरे घटनाक्रम और विवाद के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।
आरोपी गिरफ्तार, देसी कट्टा बरामद
वारदात की सूचना मिलते ही जनूथर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया देसी कट्टा भी बरामद किया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना से जुड़े सभी पहलु का पता लगाया जा सके।
हत्या के बाद गांव में तनाव
दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद मवई गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जांच पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।