☰
×

राजस्थान में गिरा पारा, रात में बढ़ी गुलाबी ठंड; वीडियो में जाने 12 अक्टूबर से बारिश के आसार

 

राजस्थान में मौसम ने एक बार फिर करवट लेना शुरू कर दिया है। सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे रात के समय ठंडक बढ़ गई। हिल स्टेशन माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। वहीं पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में दिन के तापमान में भी करीब 2 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। मौसम में बदलाव के साथ दक्षिणी राजस्थान में सुबह और रात के समय गुलाबी ठंडक महसूस होने लगी है।

माउंट आबू में पारा 15 डिग्री से नीचे

प्रदेश के प्रमुख हिल स्टेशन माउंट आबू में सोमवार को न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पारा 15 डिग्री से नीचे पहुंचने के साथ ही यहां सुबह और रात के समय ठंडक बढ़ गई है।दक्षिणी राजस्थान के दूसरे इलाकों में भी रात के तापमान में गिरावट देखने को मिली। उदयपुर में न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री, सिरोही में 18.9 डिग्री, प्रतापगढ़ में 19.5 डिग्री और डूंगरपुर में 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इन इलाकों में शाम होते ही मौसम सुहावना होने लगा है।

पश्चिमी राजस्थान में दिन का पारा भी गिरा

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/Lougm09wAEA?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/Lougm09wAEA/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, फलोदी, श्रीगंगानगर, चूरू और बीकार में सोमवार को अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हुई। इन जिलों में दिन का तापमान अब 40 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया।हालांकि दोपहर के समय कई इलाकों में गर्मी का असर अभी बना हुआ है। मौसम में फिलहाल दिन और रात के तापमान में अंतर देखने को मिल रहा है। दिन में धूप गर्मी का अहसास करा रही है, जबकि शाम और रात में हल्की ठंडक बढ़ रही है।

इस सप्ताह मौसम रहेगा साफ

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार राजस्थान में अगले कुछ दिनों तक मौसम मुख्य रूप से साफ और शुष्क रहने की संभावना है। अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान 30 से 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 से 25 डिग्री के बीच रह सकता है।इस दौरान आसमान साफ रहने के कारण दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन रात के समय तापमान में धीरे-धीरे गिरावट देखने को मिल सकती है। खासकर दक्षिणी राजस्थान और ऊंचाई वाले इलाकों में इसका असर ज्यादा महसूस होगा।

12 अक्टूबर से बदल सकता है मौसम

राजस्थान के मौसम में अगले सप्ताह फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार 12 अक्टूबर के आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के संकेत हैं। इसके प्रभाव से राज्य के उत्तर-पश्चिमी जिलों में बादल छा सकते हैं।कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना भी जताई गई है। इससे तापमान में और गिरावट आ सकती है और रात की ठंडक बढ़ सकती है। हालांकि बारिश का असर किन-किन जिलों में कितना रहेगा, इसकी तस्वीर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बाद ज्यादा स्पष्ट होगी।फिलहाल राजस्थान में मौसम दो अलग-अलग रंग दिखा रहा है। पश्चिमी जिलों में दिन की गर्मी धीरे-धीरे कम हो रही है, जबकि दक्षिणी और पहाड़ी इलाकों में रात की ठंडक बढ़ रही है। अब लोगों की नजर 12 अक्टूबर के बाद होने वाले मौसम के बदलाव पर है, जब पश्चिमी विक्षोभ के असर से कुछ इलाकों में बारिश के आसार बन रहे हैं।