उदयपुर में शादीशुदा युवती को डेढ़ लाख में बेचने का आरोप, वीडियो में देंखे चचेरा भाई अहमदाबाद ले गया; 5 दिन तक कमरे में बंधक बनाकर रेप
उदयपुर के एक ग्रामीण थाना क्षेत्र में शादीशुदा युवती को बहला-फुसलाकर अहमदाबाद ले जाने और वहां डेढ़ लाख रुपए में बेचने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती को उसका ही चचेरा भाई अहमदाबाद लेकर गया और वहां एक फैक्ट्री कर्मचारी को 1.50 लाख रुपए में बेच दिया। इसके बाद आरोपी चचेरा भाई पैसे लेकर वापस गांव लौट आया। वहीं, युवती को खरीदने वाले युवक ने कथित तौर पर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया और करीब पांच दिन तक उसे अपने कमरे में बंधक बनाकर रखा।
पीड़िता के मुताबिक, आरोपी युवक ने उसे किसी को घटना के बारे में बताने या पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकलने के बाद युवती 25 अगस्त को अपने गांव वापस पहुंची। डरी और सहमी युवती ने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे और बुधवार रात करीब साढ़े 8 बजे मामला दर्ज कराया।
चचेरा भाई 19 अगस्त को ले गया था अहमदाबाद
थानाधिकारी गोपाल सिंह मीणा के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पीड़िता के काका का लड़का यानी उसका चचेरा भाई 19 अगस्त को उसे अहमदाबाद लेकर गया था। आरोप है कि वहां उसने युवती को एक फैक्ट्री में काम करने वाले युवक के हाथ डेढ़ लाख रुपए में बेच दिया।बताया जा रहा है कि युवती को अहमदाबाद ले जाने के दौरान उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि उसके साथ क्या होने वाला है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी चचेरा भाई युवती को किस बहाने से अहमदाबाद लेकर गया था और इस पूरे मामले में अन्य कोई व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।
पांच दिन तक कमरे में बंधक रखने का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि अहमदाबाद पहुंचने के बाद फैक्ट्री कर्मचारी ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी ने उसे अपने कमरे में करीब पांच दिन तक बंधक बनाकर रखा।युवती का आरोप है कि आरोपी ने उसे धमकाया कि अगर उसने किसी को घटना के बारे में बताया या पुलिस में शिकायत की तो उसे जान से मार दिया जाएगा। डर के कारण वह कई दिनों तक आरोपी के कब्जे में रही। बाद में मौका मिलने पर वह किसी तरह वहां से निकलने में कामयाब हुई और 25 अगस्त को अपने गांव लौट आई।
परिजनों को बताई पूरी आपबीती
गांव लौटने के बाद युवती काफी डरी हुई थी। उसने अपने परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद रिवार के लोगों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस से संपर्क किया और रात करीब साढ़े 8 बजे शिकायत दर्ज कराई।पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। थानाधिकारी ने बताया कि पीड़िता को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है। उसके बयान के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अहमदाबाद जाएगी पुलिस टीम
पुलिस फिलहाल युवती के चचेरे भाई से पूछताछ कर रही है। उससे यह जानने की कोशिश की जा रही है कि युवती को अहमदाबाद क्यों ले जाया गया और डेढ़ लाख रुपए में बेचने के आरोप में उसकी क्या भूमिका थी।वहीं, युवती के साथ कथित दुष्कर्म और बंधक बनाने के आरोपी फैक्ट्री कर्मचारी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम अहमदाबाद भेजी जाएगी। पुलिस आरोपी के ठिकाने का पता लगाकर उसे गिरफ्तार करने की तैयारी में है।फिलहाल पुलिस पीड़िता के बयान, घटनास्थल और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। जांच पूरी होने के बाद इस मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी स्पष्ट हो सकेगी।