दिनदहाड़े ऑफिस के ताले तोड़कर 7 लाख रुपये उड़ाए, वीडियो में जाने एक साल से फरार आरोपी यूपी से गिरफ्तार
जयपुर में करीब एक साल पहले दिनदहाड़े ऑफिस के ताले तोड़कर लाखों रुपये की चोरी के मामले में मुहाना थाना पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में एक साल से फरार चल रहे आरोपी को उत्तर प्रदेश के हाथरस से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मुन्नालाल निवासी नगला बरी, थाना हाथरस गेट, जिला हाथरस, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर चोरी किए गए सामान और नकदी की बरामदगी के प्रयास कर रही है।पुलिस के अनुसार आरोपी वारदात को अंजाम देने के द चोरी का माल लेक फरार हो गया था। लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी। पुलिस टीम ने तकनीकी और अन्य सूचनाओं के आधार पर आरोपी का पता लगाया और उसे हाथरस से गिरफ्तार कर लिया।
ठेके का कलेक्शन ऑफिस में रखा था
डीसीपी साउथ राजर्षि राज ने बताया कि 30 अगस्त 2025 को परिवादी गुरुबख्श ने मुहाना थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। परिवादी मोहब्बतपुरा स्थित शेखावाटी वाइन्स में मैनेजर के पद पर कार्यरत था।रिपोर्ट के अनुसार, 29 अगस्त को ठेके का कलेक्शन एकत्र किया गया था। कलेक्शन की रकम कार्यालय में रखी गई थी। अगले दिन 30 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे गुरुबख्श कार्यालय से चला गया था।दोपहर करीब 12 बजे जब वह वापस कार्यालय पहुंचा तो वहां का नजारा देखकर हैरान रह गया। ऑफिस के ताले टूटे हुए थे और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद कार्यालय में रखे सामान और नकदी की जांच की गई।
7 लाख रुपये और दस्तावेज चोरी
जांच में सामने आया कि चोर कार्यालय से करीब 7 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। इसके अलावा मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड और एटीएम कार्ड भी चोरी किए गए थे।वारदात की सूचना पुलिस को दी गई। मुहाना थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और मामले में एफआईआर दर्ज की। पुलिस ने घटनास्थल से संबंधित जानकारी जुटाने के साथ आरोपी की तलाश शुरू की।
एक साल से फरार था आरोपी
पुलिस जांच के दौरान आरोपी मुन्नालाल का नाम सामने आया। वारदात के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। करीब एक साल बाद पुलिस टीम को आरोपी के उत्तर प्रदेश के हाथरस में होने की जानकारी मिली।इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे हाथरस से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि चोरी की रकम और अन्य सामान उसने कहां छिपाया या किसके पास रखा है।पुलिस के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में चोरी किए गए सामान की बरामदगी के साथ वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी