☰
×

राजस्थान जिला प्रमुख चुनाव में बड़े उलटफेर, वीडियो में जाने चूरू में बहुमत के बिना BJP की जीत; ब्यावर में बहुमत के बाद भी हारी पार्टी

 

राजस्थान के 37 जिलों में बुधवार को हुए जिला प्रमुख चुनाव में कई जगह बड़े राजनीतिक उलटफेर देखने को मिले। चूरू में बहुमत नहीं होने के बावजूद भाजपा ने जिला प्रमुख का पद जीत लिया। यहां पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ की बहू कनिका सिंह जिला प्रमुख चुनी गईं। वहीं, ब्यावर में बहुमत होने के बाद भी भाजपा को हार का सामना करना पड़ा। सीकर, चूरू, जोधपुर, अजमेर, उदयपुर, धौलपुर, डीग और ब्यावर समेत कई जिलों में क्रॉस वोटिंग हुई।

चुनाव के नतीजों के मुताबिक, 37 जिलों में से 24 में कांग्रेस, 10 में भाजपा, दो में भारत आदिवासी पार्टी (BAP) और नागौर में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) का जिला प्रमुख बना है। दौसा, सवाई माधोपुर और जैसलमेर में कांग्रेस को निर्विरोध जीत मिली। वहीं, डूंगरपुर और डीडवाना-कुचामन में लॉटरी के जरिए जिला प्रमुख का फैसला हुआ।

26 जिलों में महिला जिला प्रमुख

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/4ff9qBs_qME?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/4ff9qBs_qME/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

इस बार 37 में से 26 जिलों में महिला जिला प्रमुख बनी हैं। इनमें से 16 जिले महिला उम्मीदवारों के लिए आरक्षित थे। चुनाव में सबसे कम उम्र की जिला प्रमुख जैसलमेर की संतोष कुमारी और झालावाड़ की वर्षा झाला बताई गई हैं। दोनों की उम्र 21 साल है। वहीं, जालोर के आसुराम 64 साल की उम्र में सबसे अधिक उम्र के जिला प्रमुख बने।

जिला परिषद के नतीजों के बाद बदले समीकरण

20 नवंबर को आए जिला परिषद सदस्य चुनाव के नतीजों में कांग्रेस को 23 जिलों, भाजपा को 5 जिलों और नागौर में आरएलपी को बहुमत मिला था। कांग्रेस को चार अन्य जगहों पर बढ़त थी, जबकि एक जगह भाजपा आगे थी। तीन जिलों में भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय उम्मीदवारों के बीच मुकाबले की स्थिति थी।इसके बावजूद जिला प्रमुख चुनाव में कई जगह नतीजे बदल गए। क्रॉस वोटिंग और आखिरी समय में बने समीकरणों के कारण संख्या बल वाली पार्टियां भी कुछ जिलों में जीत हासिल नहीं कर सकीं।

बीकानेर में विधायक की बहू ने दर्ज की जीत

सबसे चर्चित मुकाबलों में बीकानेर का चुनाव भी शामिल रहा। यहां कांग्रेस विधायक की बहू निकिता डूडी ने जीत दर्ज की। इस सीट पर पूर्व मंत्री गोविंद मेघवाल की बेटी सरिता चौहान बागी होकर निर्दलीय चुनाव लड़ी थीं। इसके बाद कांग्रेस ने उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया था।दौसा में विधायक डीसी बैरवा की पत्नी बीना बैरवा जिला प्रमुख चुनी गईं। सवाई माधोपुर में पूर्व मंत्री अशोक बैरवा की पत्नी आशा देवी ने जीत दर्ज की। वहीं, कांग्रेस विधायक अर्जुन बामणिया के बेटे विकास बामणिया को हार का सामना करना पड़ा।

चूरू और ब्यावर के नतीजों ने चौंकाया

चूरू में भाजपा ने बहुमत नहीं होने के बावजूद जिला प्रमुख का पद हासिल किया। राजेंद्र राठौड़ की बहू कनिका सिंह की जीत को चुनाव का बड़ा उलटफेर माना जा रहा है। दूसरी ओर, ब्यावर में भाजपा के पास बहुमत होने के बावजूद पार्टी जिला प्रमुख का चुनाव हार गई।इन नतीजों से साफ हुआ कि जिला परिषद सदस्य चुनाव में मिले बहुमत के साथ-साथ क्रॉस वोटिंग और चुनाव के दौरान बने समीकरणों ने भी जिला प्रमुखों के चयन में अहम भूमिका निभाई।