जयपुर में पुलिस का बड़ा एक्शन, वीडियो में जाने एक दिन में 529 हुड़दंगी गिरफ्तार
जयपुर में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने और शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया। स्पेशल ऑपरेशन के तहत जयपुर पुलिस ने एक ही दिन में 529 लोगों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा देर रात तक निर्धारित समय के बाद भी संचालित हो रहे क्लब, बार और रेस्टोरेंट पर छापेमारी कर कार्रवाई की गई। पुलिस ने संबंधित संचालकों के खिलाफ भी मामले दर्ज किए हैं।पुलिस कमिश्नरेट की ओर से चारों जिलों में एक साथ यह अभियान चलाया गया। इसका उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हंगामा करने, आमजन को परेशान करने और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों पर अंकुश लगाना था। कार्रवाई के दौरान पुलिस की अलग-अलग टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में दबिश दी और नियमों का उल्लंघन करने वालों को हिरासत में लिया।
ईस्ट जिले में सबसे ज्यादा 170 गिरफ्तार
पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था बनाए रखने और आमजन को सुरक्षित व शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने के लिए चारों जिलों में कार्रवाई की गई।इस अभियान के दौरान जयपुर ईस्ट जिले में सबसे ज्यादा 170 लोगों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, साउथ जिले में 161, वेस्ट जिले में 116 और नॉर्थ जिले में 82 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस तरह एक ही दिन में चारों जिलों में कुल 529 लोगों को गिरफ्तार किया गया।इन सभी के खिलाफ 60 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हंगामा करने, अव्यवस्था फैलाने और लोगों के लिए परेशानी पैदा करने वालों को निशाने पर लिया।
देर रात चलने वाले क्लब-बार पर भी छापे
पुलिस ने हुड़दंगियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ देर रात तक संचालित होने वाले रेस्टोरेंट, क्लब और बार पर भी छापेमारी की। जांच के दौरान निर्धारित समय के बाद भी खुले पाए गए प्रतिष्ठानों के संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में ऐसे कई मामलों में प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पुलिस की टीमों ने संचालकों को निर्धारित समय और नियमों का पालन करने के निर्देश भी दिए हैं। अभियान के दौरान उन प्रतिष्ठानों पर विशेष ध्यान दिया गया, जहां तय समय सीमा के बाद भी गतिविधियां जारी थीं।
आमजन की सुरक्षा के लिए जारी रहेगा अभियान
पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के अनुसार, सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था बनाए रखना और आमजन को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से चारों जिलों की टीमों ने समन्वय के साथ कार्रवाई की।पुलिस की ओर से स्पष्ट किया गया है कि सार्वजनिकस्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने, शांति भंग करने और आम लोगों को असुविधा पहुंचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। क्लब, बार और रेस्टोरेंट संचालकों को भी निर्धारित समय और नियमों का पालन करना होगा। उल्लंघन मिलने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।