स्वतंत्रता दिवस से पहले बड़ी साजिश नाकाम: बीकानेर सीमा से 50 करोड़ की हेरोइन और विदेशी हथियार बरामद, ड्रोन से आई थी खेप
स्वतंत्रता दिवस से पहले राजस्थान पुलिस ने भारत-पाकिस्तान सीमा पर एक बड़ी तस्करी की साजिश का पर्दाफाश किया है। बीकानेर जिले के खाजूवाला क्षेत्र में चलाए गए ऑपरेशन 'शॉक वेव' के तहत पुलिस ने ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से भेजी गई नशीले पदार्थों और हथियारों की बड़ी खेप बरामद की है। कार्रवाई के दौरान करीब 10 किलो अफगान मार्का हेरोइन, 11 विदेशी पिस्टल, 22 मैगजीन, 100 कारतूस और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है। पुलिस ने इस मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
50 करोड़ की हेरोइन जब्त
पुलिस के अनुसार बरामद की गई करीब 10 किलो अफगान मार्का हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 50 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही बड़ी संख्या में विदेशी हथियार और जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।स्वतंत्रता दिवस से पहले इतनी बड़ी खेप का पकड़ा जाना सुरक्षा एजेंसियों के लिए महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
ड्रोन से सीमा पार भेजी गई थी खेप
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह खेप पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के माध्यम से भारतीय सीमा क्षेत्र में गिराई गई थी। आरोपी तस्कर सीमा क्षेत्र से इस खेप को उठाकर आगे सप्लाई करने की तैयारी कर रहा था।जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि खेप किस स्थान से ड्रॉप की गई और इसे देश के किन इलाकों तक पहुंचाया जाना था।
एक तस्कर गिरफ्तार, सिंडिकेट की तलाश जारी
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान तस्कर वीरेंद्र को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उसने तस्करी नेटवर्क से जुड़ी कई अहम जानकारियां दी हैं।पुलिस का कहना है कि आरोपी के बयान के आधार पर तस्करी सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों को भी नामजद किया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन कर छापेमारी की जा रही है।
सीमा पर बढ़ाई गई निगरानी
इस कार्रवाई के बाद भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। विशेष रूप से स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए सीमा क्षेत्र में ड्रोन गतिविधियों और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है।सुरक्षा एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि इस नेटवर्क का संबंध किसी आतंकी संगठन या अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह से तो नहीं है।
ऑपरेशन 'शॉक वेव' की बड़ी सफलता
राजस्थान पुलिस की इस कार्रवाई को ऑपरेशन 'शॉक वेव' की बड़ी सफलता माना जा रहा है। समय रहते नशे और हथियारों की इस खेप को जब्त कर पुलिस ने न केवल करोड़ों रुपये की तस्करी पर रोक लगाई, बल्कि संभावित सुरक्षा खतरे को भी टाल दिया।फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर कार्रवाई कर रही है।