×

जोधपुर ग्रामीण में बड़ी कार्रवाई, कृषि भूमि पर चल रही 10 अवैध टेक्सटाइल इकाइयां ध्वस्त

 

राजस्थान के जोधपुर ग्रामीण क्षेत्र में प्रदूषण और अवैध औद्योगिक गतिविधियों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। राजस्थान प्रदूषण नियंत्रण मंडल के क्षेत्रीय कार्यालय जोधपुर ग्रामीण और उपखंड प्रशासन शेरगढ़ की संयुक्त टीम ने बुधवार को ग्राम मीरपुरा और वीरमपुरा में कार्रवाई करते हुए कृषि भूमि पर अवैध रूप से संचालित टेक्सटाइल इकाइयों को ध्वस्त कर दिया।

जानकारी के अनुसार, संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो कृषि भूमि पर नियमों के विपरीत कई टेक्सटाइल इकाइयां संचालित मिलीं। कार्रवाई के दौरान करीब 8 से 10 अवैध टेक्सटाइल इकाइयों को मौके पर ही हटाया गया।

प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, इन इकाइयों के संचालन को लेकर लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद प्रदूषण नियंत्रण मंडल और प्रशासन की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि कुछ इकाइयां आवश्यक अनुमति और पर्यावरणीय नियमों का पालन किए बिना संचालित की जा रही थीं।

कार्रवाई के दौरान टीम ने अवैध निर्माण और औद्योगिक गतिविधियों को बंद करवाया। अधिकारियों ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण और नियमों के उल्लंघन को लेकर आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कृषि भूमि पर इस तरह की औद्योगिक इकाइयों के संचालन से आसपास के क्षेत्र में प्रदूषण की समस्या बढ़ रही थी। खासकर पानी और जमीन पर इसके प्रभाव को लेकर ग्रामीणों ने चिंता जताई थी।

प्रदूषण नियंत्रण मंडल के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति और पर्यावरणीय मानकों के विपरीत संचालित होने वाली इकाइयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उद्योग संचालकों को नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

जोधपुर ग्रामीण क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई से अवैध रूप से संचालित अन्य औद्योगिक इकाइयों में भी हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी ऐसे प्रतिष्ठानों की जांच कर नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।