मदन राठौड़ बोले- ‘जेन-जी’ कहते रहते हैं, वीडियो में जाने हमें ‘नई पीढ़ी’ जैसे अपने शब्दों को महत्व देना चाहिए
बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने युवाओं और नई पीढ़ी को लेकर कहा कि हमें ‘जेन-जी’ जैसे शब्दों के बजाय अपने शब्दों को महत्व देना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम लगातार ‘जेन-जी, जेन-जी’ करते रहते हैं, जबकि हमारे पास युवा और नई पीढ़ी जैसे अपने शब्द हैं। हमें इन्हीं शब्दों का अधिक प्रयोग करना चाहिए।मदन राठौड़ मंगलवार को प्रदेश बीजेपी कार्यालय में पार्टी के विधि प्रकोष्ठ की ओर से निकाय चुनाव के लिए प्रकाशित की गई बुकलेट के विमोचन कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने नई पीढ़ी को पार्टी और समाज के साथ जोड़ने तथा उन्हें प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।
‘नई पीढ़ी को करेंगे प्रोत्साहित’
बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी निश्चित रूप से नई पीढ़ी को प्रोत्साहित करेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं में सेवा की भावना विकसित करने की जरूरत है और इसी दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।राठौड़ ने कहा कि नई पीढ़ी को केवल आधुनिक शब्दावली से संबोधित करने के बजाय अपनी भाषा और शब्दों को भी महत्व देना चाहिए। उनके मुताबिक, ‘युवा’ और ‘नई पीढ़ी’ जैसे शब्द भारतीय संदर्भ में अधिक सहज और अपने हैं।
‘नई पीढ़ी में सेवा भावना विकसित कर रहे’
मदन राठौड़ ने कहा कि नई पीढ़ी को संस्कारित करने के साथ-साथ उनमें समाज और देश के लिए काम करने की भावना विकसित की जा रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने और उनमें सेवा का भाव पैदा करने पर जोर दिया जा रहा है।न्होंने कहा कि नई पीढ़ी को पार्टी और सामाजिक गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है, ताकि वे समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझ सकें।
निकाय चुनाव की बुकलेट का विमोचन
कार्यक्रम के दौरान बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष ने विधि प्रकोष्ठ की ओर से निकाय चुनाव को लेकर तैयार की गई बुकलेट का विमोचन किया। बुकलेट को आगामी निकाय चुनावों के संदर्भ में तैयार किया गया है। इस मौके पर पार्टी पदाधिकारी और विधि प्रकोष्ठ से जुड़े कार्यकर्ता मौजूद रहे। राठौड़ ने कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों में जुटने और संगठन के स्तर पर समन्वय के साथ काम करने का आह्वान किया।