☰
×

मदन राठौड़ बोले- पैसे के लालच में घटिया रील्स बना रहे लोग: सोशल मीडिया ट्रोलिंग पर जताई नाराजगी, वीडियो में कहा- मैं खुद भुगतभोगी हूं

 

राजस्थान भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने सोशल मीडिया पर बन रही रील्स और ट्रोलिंग को लेकर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि पैसे के लालच में कुछ लोग घटिया रील्स बना रहे हैं और सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर रहे हैं। राठौड़ ने खुद को सोशल मीडिया ट्रोलिंग का भुगतभोगी बताते हुए कार्यकर्ताओं से भ्रामक सूचनाओं और नकारात्मक नैरेटिव के खिलाफ संगठित होकर काम करने की अपील की।मदन राठौड़ सोमवार को जयपुर के एक निजी होटल में आयोजित भाजपा सोशल मीडिया विभाग की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के इस्तेमाल से पार्टी ने काफी सफलता हासिल की है, लेकिन अब इसके दुरुपयोग की चुनौती भी सामने आ रही है।

'सोशल मीडिया का दुरुपयोग करने वालों से सावधान रहें'

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/7gnuOdmfSJE?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/7gnuOdmfSJE/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

राठौड़ ने कहा कि सोशल मीडिया आज एक बड़ा माध्यम बन चुका है। इसके जरिए लोगों तक अपनी बात पहुंचाने और संगठन की गतिविधियों को साझा करने में सफलता मिली है। लेकिन कुछ लोग इसका इस्तेमाल गलत तरीके से कर रहे हैं।उन्होंने कहा, "आज हमारे सामने यह सबसे बड़ी चुनौती है। आप और हम सब जानते हैं और मैं सोचता हूं कि मैं तो इसका भुगतभोगी ही हूं। आप में से भी कई लोग इसके भुगतभोगी रहे होंगे।"भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि पैसे के लालच में लोग घटिया रील्स बना रहे हैं। ऐसे में सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली सामग्री को लेकर सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से नकारात्मक नैरेटिव को पहचानने और उसे फैलाने वालों को बेनकाब करने की अपील की।

पाकिस्तान पर बयान के बाद हुए थे ट्रोल

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले पाकिस्तान को लेकर दिए गए बयान के बाद मदन राठौड़ को सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था। उनके बयान को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं। इसके बाद राठौड़ को कई बार सफाई भी देनी पड़ी थी।इसी पृष्ठभूमि में सोशल मीडिया के दुरुपयोग और ट्रोलिंग पर उनकी टिप्पणी को अहम माना जा रहा है। हालांकि, कार्यशाला में उन्होंने व्यापक रूप से सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं और नकारात्मक सामग्री को लेकर चिंता जताई।

कार्यकर्ताओं से संगठित होकर मुकाबला करने की अपील

मदन राठौड़ ने कार्यशाला में शामिल भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि वे यहां से मिली सीख का इस्तेमाल सोशल मीडिया पर पार्टी का पक्ष प्रभावी तरीके से रखने में करें। उन्होंने भ्रामक सूचनाओं की पहचान करने और तथ्यों के आधार पर उनका जवाब देने पर जोर दिया।उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर नकारात्मक नैरेटिव को पकड़ना और लोगों के सामने वास्तविक जानकारी रखना जरूरी है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को व्यक्तिगत स्तर पर प्रतिक्रिया देने के बजाय संगठित तरीके से काम करना चाहिए।

कार्यशाला का उद्देश्य भाजपा के सोशल मीडिया विभाग के कार्यकर्ताओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रभावी इस्तेमाल और भ्रामक सूचनाओं का मुकाबला करने के तरीकों के बारे में जानकारी देना था। राठौड़ ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पार्टी के लिए महत्वपूर्ण माध्यम है, लेकिन इसका इस्तेमाल जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ किया जाना चाहिए।