उदयपुर में कुरियर के जरिए गुजरात भेजी जा रही पौने 3 लाख की शराब पकड़ी, 42 बाल्टियों में लकड़ी के बुरादे के बीच छिपाए थे 2386 पव्वे
उदयपुर की गोवर्धन विलास थाना पुलिस ने कुरियर के जरिए गुजरात भेजी जा रही शराब की बड़ी खेप पकड़ी है। अहमदाबाद हाईवे स्थित एक कुरियर कंपनी के वेयरहाउस से पुलिस ने 42 प्लास्टिक की बाल्टियों में छिपाकर रखे गए अलग-अलग ब्रांड के 2386 पव्वे जब्त किए हैं। शराब की कीमत करीब पौने 3 लाख रुपए बताई जा रही है। तस्कर शराब को व्हाइटिंग चॉक पाउडर बताकर कुरियर के माध्यम से गुजरात के जामनगर भेजने की तैयारी में थे।
थानाधिकारी सुनील चारण ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि अहमदाबाद हाईवे स्थित कुरियर कंपनी के वेयरहाउस में शराब की खेप रखी हुई है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध पार्सलों की जांच की। इस दौरान वहां 42 प्लास्टिक की बाल्टियां मिलीं, जिन्हें व्हाइटिंग चॉक पाउडर के नाम से बुक कराया गया था।
लकड़ी के बुरादे के बीच छिपाए थे शराब के पव्वे
पुलिस ने जब बाल्टियों को खुलवाकर जांच की तो उनमें लकड़ी का बुरादा भरा हुआ मिला। बुरादे के बीच शराब के पव्वे छिपाकर रखे गए थे। तस्करों ने शराब को इस तरह पैक किया था कि सामान्य जांच में पार्सल के अंदर रखी सामग्री का पता लगाना मुश्किल हो।पुलिस ने सभी 42 बाल्टियों की तलाशी ली तो उनमें अलग-अलग ब्रांड के कुल 2386 पव्वे मिले। इसके बाद पुलिस ने शराब की पूरी खेप जब्त कर ली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शराब को उदयपुर से गुजरात के जामनगर में तस्करी कर ले जाया जा रहा था।
कुरियर पार्सल और पिकअप गाड़ी जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब से भरे कुरियर पार्सल के साथ इस खेप को ले जाने में इस्तेमाल की गई पिकअप गाड़ी भी जब्त कर ली है। पुलिस अब कुरियर कंपनी से पार्सल बुक कराने वाले लोगों की जानकारी जुटा रही है। बुकिंग में दिए गए नाम, पते और अन्य विवरणों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।थानाधिकारी सुनील चारण के अनुसार, फिलहाल पुलिस इस मामले में शामिल आरोपियों की तलाश में जुटी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि शराब की खेप किसके लिए भेजी जा रही थी और इसके पीछे तस्करी का नेटवर्क कितना बड़ा है।कुरियर के जरिए शराब की तस्करी का यह तरीका सामने आने के बाद पुलिस मामले की हर कड़ी की जांच कर रही है। फिलहाल जब्त शराब की कीमत करीब पौने 3 लाख रुपए आंकी गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।