×

अलवर में लेपर्ड की दस्तक से दहशत: कुत्तों का शिकार करने पहुंचा तेंदुआ, वीडियो में जाने बाउंड्री वॉल पर बैठा रहा, वन विभाग अलर्ट

 

राजस्थान के अलवर शहर में एक बार फिर लेपर्ड की मूवमेंट ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। शहर के लादिया और खदाना मोहल्ले में लगातार दूसरे दिन तेंदुआ दिखाई देने की घटनाओं के बाद स्थानीय लोग दहशत में हैं। आबादी वाले इलाके में लेपर्ड के घूमने और आवारा कुत्तों का शिकार करने की कोशिश का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद वन विभाग सतर्क हो गया है।

कुत्तों का पीछा करते हुए मोहल्ले में पहुंचा लेपर्ड

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/fi7ZEBn-ASs?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/fi7ZEBn-ASs/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

जानकारी के अनुसार, 3 अगस्त की रात लादिया मोहल्ले में एक लेपर्ड आवारा कुत्तों का पीछा करता हुआ दिखाई दिया। शिकार की तलाश में वह एक मकान की बाउंड्री वॉल पर काफी देर तक बैठा रहा। तेंदुए की मौजूदगी से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और लोगों ने अपने घरों से बाहर निकलना बंद कर दिया।इससे एक दिन पहले 2 अगस्त की रात भी खदाना मोहल्ले में तेंदुआ दिखाई देने का दावा किया गया था। हालांकि, उस समय वन विभाग ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की थी।

'पूरा दिन डर के साए में गुजरा'

स्थानीय निवासी रामावतार ने बताया कि तेंदुआ सुबह करीब 4:30 बजे गली में साफ दिखाई दिया था। उन्होंने कहा कि वीडियो सामने आने के बाद पूरे दिन लोगों में भय का माहौल रहा।उन्होंने बताया, "हमें डर था कि कहीं तेंदुआ आसपास ही छिपा न हो। पूरे दिन लोग सतर्क रहे, लेकिन दिन के समय वह कहीं दिखाई नहीं दिया।"

वन विभाग ने क्या कहा?

वन विभाग के रेंजर शंकर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार दोनों जगह दिखाई देने वाला तेंदुआ संभवतः एक ही है। उन्होंने कहा कि लादिया मोहल्ला जंगल के बफर जोन से सटा हुआ क्षेत्र है, इसलिए कई बार लेपर्ड भोजन की तलाश में आबादी वाले इलाकों तक पहुंच जाते हैं।रेंजर के अनुसार, तेंदुआ अक्सर आवारा कुत्तों का शिकार करने के लिए इस इलाके में आता है। खदाना मोहल्ले का जो वीडियो सामने आया है, उसकी भी जांच की जा रही है।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं लेपर्ड दिखाई दे तो उसके पास जाने या उसे घेरने की कोशिश न करें। तुरंत वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचना दें और बच्चों तथा पालतू जानवरों को अकेले बाहर न भेजें।वन विभाग की टीम इलाके में लगातार निगरानी कर रही है और लेपर्ड की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।