अजमेर में 3 लाख की रिश्वत लेते जॉइंट डायरेक्टर गिरफ्तार, बिल पास करने के लिए मांगे थे 5 लाख, वीडियो में जाने घर पर ACB ने दबोचा
जयपुर एसीबी की टीम ने अजमेर में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के जॉइंट डायरेक्टर जयप्रकाश चारण को 3 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। अधिकारी ने शिकायतकर्ता से बिल पास करने, NGO में काम करने और MOU जारी करने के बदले 5 लाख रुपए रिश्वत की मांग की थी। एसीबी की टीम ने गुरुवार रात कृष्णगंज थाना क्षेत्र के विनायक नगर स्थित जयप्रकाश चारण के घर पर ट्रैप कार्रवाई की। शिकायतकर्ता से 3 लाख रुपए कैश लेते ही टीम ने अधिकारी को पकड़ लिया।
NGO के काम और पुराने बिल पास करने के बदले मांगे थे 5 लाख
एसीबी जयपुर के एडिशनल एसपी जाबरमल ने बताया कि एसीबी मुख्यालय में एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि उसके NGO में काम करने, MOU जारी करने और पहले किए गए कामों के बिल पास करने की एवज में जॉइंट डायरेक्टर जयप्रकाश चारण ने 5 लाख रुपए रिश्वत मांगी है।शिकायत मिलने के बाद एसीबी मुख्यालय की टीम ने उसका सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि हो गई। इसके बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई।
घर बुलाकर लिए 3 लाख रुपए
योजना के तहत जयप्रकाश चारण ने शिकायतकर्ता को अपने घर बुलाया। वहां उसने शिकायतकर्ता से 3 लाख रुपए कैश रिश्वत के रूप में लिए। इसी दौरान पहले से तैयार एसीबी टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।कार्रवाई की सूचना मिलने के बाद अजमेर एसीबी की टीम भी मौके पर पहुंची। संबंधित थाने की पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया।
पुराने बिलों पर 20% कमीशन मांगने का भी आरोप
एसीबी की शुरुआती जांच में यह बात भी सामने आई है कि जॉइंट डायरेक्टर ने पहले किए गए कामों के बिलों के भुगतान के बदले 20 प्रतिशत कमीशन मांगने की बात कही थी।एसीबी टीम आरोपी अधिकारी से पूछताछ कर रही है। ट्रैप कार्रवाई के बाद रिश्वत की मांग, NGO से जुड़े काम और पुराने बिलों के भुगतान से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
घर पर हुई कार्रवाई से विभाग में हड़कंप
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारी को उसके घर पर ही रिश्वत लेते गिरफ्तार किए जाने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया। एसीबी अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।