×

जैसलमेर के पीएम श्री स्कूल ने राज्य स्तर पर बनाई पहचान, संस्था प्रधान स्वरूप सुथार को मिला सम्मान

 

जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय पीएम श्री स्कूल वेबिनार में जैसलमेर जिले के एक सरकारी स्कूल ने अपनी विशेष पहचान बनाई है। जिले के पीएम श्री राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल 2 एमडी महादेव नगर, बांकलसर के संस्था प्रधान स्वरूप सुथार को प्रदेशभर के पीएम श्री स्कूलों में उत्कृष्ट कार्य के लिए चयनित किया गया है।

राज्य के 649 पीएम श्री स्कूलों में से बेहतर प्रदर्शन करने वाले चुनिंदा विद्यालयों के संस्था प्रधानों का चयन किया गया, जिसमें जैसलमेर के इस स्कूल को भी स्थान मिला। प्रदेश स्तर पर चयनित 14 संस्था प्रधानों में स्वरूप सुथार का नाम शामिल होने पर जिले में खुशी का माहौल है।

वेबिनार के दौरान पीएम श्री योजना के तहत स्कूलों में किए जा रहे नवाचारों, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को लेकर चर्चा की गई। इस अवसर पर चयनित संस्था प्रधानों के कार्यों की सराहना की गई।

पीएम श्री राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल 2 एमडी महादेव नगर, बांकलसर में शिक्षा के क्षेत्र में किए गए विभिन्न प्रयासों को देखते हुए यह उपलब्धि हासिल हुई है। स्कूल में विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने, नई तकनीकों के उपयोग और गतिविधि आधारित शिक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

संस्था प्रधान स्वरूप सुथार ने बताया कि यह सम्मान पूरे विद्यालय परिवार, शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि स्कूल में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

जिला शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र में स्थित स्कूल का राज्य स्तर पर चयन होना जैसलमेर जिले के लिए गौरव की बात है। इससे अन्य विद्यालयों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।

पीएम श्री योजना के तहत देशभर के सरकारी स्कूलों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने और विद्यार्थियों में रचनात्मक क्षमता विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। जैसलमेर के इस स्कूल ने अपने कार्यों के माध्यम से इसी दिशा में एक उदाहरण प्रस्तुत किया है।

विद्यालय परिवार और ग्रामीणों ने संस्था प्रधान स्वरूप सुथार के चयन पर बधाई दी और उम्मीद जताई कि आने वाले समय में स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करता रहेगा।