दीपावली पर जयपुर में होगा भव्य ड्रोन शो और आतिशबाजी, घर सजाने पर इलेक्ट्रिक स्कूटर समेत मिलेंगे आकर्षक इनाम
दीपावली के त्योहार पर गुलाबी नगरी जयपुर को रोशनी और आकर्षक सजावट से जगमगाने की तैयारी शुरू हो गई है। नगर निगम ने इस बार दीपोत्सव को खास बनाने के लिए शहरवासियों के लिए कई आयोजन किए हैं। घरों, बाजारों, वार्डों और संस्थानों के बीच सजावट एवं स्वच्छता प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं, जनपथ पर भव्य ड्रोन शो और विशेष आतिशबाजी भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेगी।
नगर निगम की ओर से आयोजित कार्यक्रमों के तहत 7 नवंबर को रात 9 बजे जनपथ पर ड्रोन शो होगा। इससे पहले आज रात 8 बजे इसका ट्रायल किया जाएगा। इसके अगले दिन यानी 8 नवंबर को रात 9:30 बजे 15 मिनट की विशेष आतिशबाजी का आयोजन होगा। दोनों कार्यक्रम अमर जवान ज्योति के सामने जनपथ पर आयोजित किए जाएंगे।
आसमान में दिखेंगी दीपावली से जुड़ी आकृतियां
7 नवंबर को होने वाले ड्रोन शो में आसमान में दीपावली से जुड़ी अलग-अलग आकृतियां, दीये और रोशनी के संदेश प्रदर्शित किए जाएंगे। ड्रोन के जरिए आसमान में बनने वाली रंग-बिरंगी आकृतियां दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहेंगी। इसके साथ ही जनपथ पर राजस्थानी कलाकृतियां भी तैयार की जाएंगी, जिससे दीपोत्सव में प्रदेश की कला और संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।
8 नवंबर को 15 मिनट की विशेष आतिशबाजी
दीपोत्सव का एक और बड़ा आकर्षण 8 नवंबर की रात होने वाली विशेष आतिशबाजी होगी। अमर जवान ज्योति के सामने रात 9:30 बजे शुरू होने वाला यह कार्यक्रम करीब 15 मिनट तक चलेगा। आतिशबाजी को जनपथ के अलावा परकोटे और आसपास की इमारतों की छतों से भी देखा जा सकेगा। इसके लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
घर सजाने पर मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार
नगर निगम ने दीपावली की सजावट को प्रतियोगिता से जोड़कर शहरवासियों की भागीदारी बढ़ाने की पहल की है। नगर निगम कमिश्नर ओम कसेरा के अनुसार, 4 से 11 नवंबर तक घरों, वार्डों, बाजारों और संस्थानों के लिए सजावट एवं स्वच्छता प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।प्रतियोगिता में घरों को आकर्षक तरीके से सजाने वाले प्रतिभागियों को इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर, एलईडी टीवी और स्मार्टफोन जैसे पुरस्कार जीतने का मौका मिलेगा। इसके अलावा बाजारों, वार्डों और संस्थानों की सजावट तथा स्वच्छता को भी प्रतियोगिता के आधार पर परखा जाएगा।नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य दीपावली के दौरान पूरे शहर को रोशनी से सजाने के साथ-साथ स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है। ड्रोन शो, राजस्थानी कलाकृतियों और आतिशबाजी के जरिए इस बार जयपुर का दीपोत्सव खास बनाने की तैयारी है।