जयपुर में दीपावली पर होगा ड्रोन शो और 15 मिनट की विशेष आतिशबाजी, वीडियो में जाने घर सजाने पर इलेक्ट्रिक स्कूटर-टीवी जीतने का मौका
दीपावली के मौके पर जयपुर को रोशनी और आकर्षक सजावट से सजाने की तैयारी की जा रही है। नगर निगम ने दीपोत्सव को प्रतियोगिता से जोड़ते हुए शहर के घरों, बाजारों, वार्डों और संस्थानों के लिए अलग-अलग आयोजन किए हैं। इस बार दीपावली पर जनपथ पर ड्रोन शो और विशेष आतिशबाजी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
नगर निगम कमिश्नर ओम कसेरा के अनुसार, 4 से 11 नवंबर तक शहर में सजावट और स्वच्छता प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें घरों, बाजारों, वार्डों और संस्थानों को शामिल किया गया है। घरों को आकर्षक तरीके से सजाने वाले लोगों को इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर, एलईडी टीवी और स्मार्टफोन जैसे पुरस्कार जीतने का मौका मिलेगा।
जनपथ पर आज रात होगा ड्रोन शो का ट्रायल
दीपोत्सव के तहत जनपथ पर अमर जवान ज्योति के सामने ड्रोन शो आयोजित किया जाएगा। इसके लिए आज रात 8 बजे ट्रायल किया जाएगा। इसके बाद 7 नवंबर को रात 9 बजे मुख्य ड्रोन शो होगा। इसमें आसमान में दीपावली से जुड़ी आकृतियां, दीये और रोशनी के संदेश प्रदर्शित किए जाएंगे। ड्रोन के जरिए आसमान में बनने वाली आकृतियां शहरवासियों के लिए खास आकर्षण रहेंगी।
जनपथ पर इस दौरान राजस्थानी कलाकृतियां भी बनाई जाएंगी। इससे दीपोत्सव में प्रदेश की लोककला और संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।
8 नवंबर को 15 मिनट की विशेष आतिशबाजी
दीपोत्सव का एक अन्य प्रमुख आकर्षण 8 नवंबर की रात होने वाली विशेष आतिशबाजी होगी। अमर जवान ज्योति के सामने जनपथ पर रात 9:30 बजे आतिशबाजी का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम करीब 15 मिनट तक चलेगा।
आतिशबाजी को जनपथ के अलावा परकोटे और आसपास की इमारतों की छतों से भी देखा जा सकेगा। नगर निगम की ओर से इन आयोजनों के जरिए दीपावली के उत्सव को सामूहिक रूप से मनाने और शहर की सजावट को बढ़ावा देने की तैयारी है।
सजावट प्रतियोगिता में मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार
नगर निगम की प्रतियोगिताओं में घरों के साथ बाजारों, वार्डों और संस्थानों की सजावट तथा स्वच्छता को भी शामिल किया गया है। घर सजाने वाले प्रतिभागियों को इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर, एलईडी टीवी और स्मार्टफोन जैसे पुरस्कार दिए जाएंगे। इस आयोजन का उद्देश्य दीपावली के दौरान जयपुर को स्वच्छ, सुंदर और रोशनी से जगमग बनाना है।