×

जयपुर में अवैध गांजे की खेती पर पुलिस का बड़ा एक्शन, फुटेज में देंखे 48 पौधे नष्ट, 40 किलो से ज्यादा गांजा जब्त

 

राजस्थान की राजधानी जयपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से उगाई जा रही गांजे की फसल नष्ट कर दी। जयपुर वेस्ट पुलिस ने हरमाड़ा थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 48 गांजे के पौधे जब्त किए, जिनका कुल वजन 40 किलो 384 ग्राम बताया गया है। पुलिस ने सभी पौधों को नष्ट कर दिया है और अवैध खेती करने वाले अज्ञात व्यक्ति की तलाश शुरू कर दी है।

"ऑपरेशन क्लीन स्वीप" के तहत कार्रवाई

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/WivPCJrurtM?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/WivPCJrurtM/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस के विशेष अभियान "ऑपरेशन क्लीन स्वीप" के तहत की गई। अभियान के दौरान हरमाड़ा थाना पुलिस गश्त और निगरानी कर रही थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि बिछपड़ी गांव में श्री जगदीश जी मंदिर के पास खाली आबादी भूमि पर अवैध रूप से गांजे के पौधे लगाए गए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

मौके पर मिले 48 गांजे के पौधे

हरमाड़ा थाना प्रभारी नरेंद्र भड़ाना ने बताया कि पुलिस को मौके पर 48 छोटे-बड़े गांजे के पौधे मिले। सभी पौधों को जब्त करने के बाद नियमानुसार नष्ट कर दिया गया। जब्त किए गए पौधों का कुल वजन 40 किलो 384 ग्राम पाया गया।पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आसपास के क्षेत्र की भी तलाशी ली, ताकि यह पता लगाया जा सके कि अवैध खेती में और कौन-कौन शामिल हो सकता है।

युवाओं को नशे की ओर धकेलने की आशंका

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने गांजे की अवैध बिक्री और नशे में इस्तेमाल के उद्देश्य से यह खेती की थी। पुलिस का मानना है कि इस तरह की गतिविधियों से गांव के युवाओं को नशे की लत लगाने की कोशिश की जा सकती थी।इसी आशंका को देखते हुए मामले को गंभीरता से लिया गया है और संबंधित लोगों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

ग्रामीणों से पूछताछ, नहीं मिला सुराग

पुलिस ने कार्रवाई के बाद आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी पौधे लगाने वाले व्यक्ति के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। जांच में यह भी सामने आया कि जिस जगह गांजे की खेती की जा रही थी, वह गांव की खाली आबादी भूमि है।पुलिस अब आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों, स्थानीय इनपुट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

नशे के खिलाफ अभियान रहेगा जारी

जयपुर वेस्ट पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार और अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध नशे की खेती या मादक पदार्थों की बिक्री की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।