जयपुर नीरजा मोदी स्कूल छात्रा मौत मामला: 8 महीने बाद सामने आया नया CCTV वीडियो, परिजनों ने जांच पर उठाए सवाल
जयपुर के नीरजा मोदी स्कूल में चौथी मंजिल से गिरकर हुई छात्रा अमायरा की मौत के मामले में करीब 8 महीने बाद एक नया CCTV वीडियो सामने आया है। वीडियो सामने आने के बाद मृतका के परिजनों ने पुलिस जांच और चार्जशीट पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। परिवार का आरोप है कि जांच पूरी नहीं की गई और बच्ची की परेशानी को समय रहते गंभीरता से नहीं लिया गया। परिजनों के मुताबिक, करीब 8 मिनट के इस CCTV फुटेज में क्लासरूम की कुछ ऐसी गतिविधियां दिखाई दे रही हैं, जिनसे अमायरा मानसिक रूप से परेशान नजर आ रही है। परिवार का दावा है कि वीडियो मामले की जांच में अहम साबित हो सकता है।
डिजिटल स्लेट पर कुछ लिखकर दिखाने का आरोप
परिवार का कहना है कि CCTV वीडियो में कुछ बच्चे डिजिटल स्लेट पर कुछ लिखते हुए दिखाई दे रहे हैं और बाद में वह अमायरा को दिखाते हैं। इसके बाद छात्रा परेशान नजर आती है।परिजनों के अनुसार, वीडियो में अमायरा कई बार अपनी सीट से उठकर क्लास टीचर के पास जाती है और उनसे बातचीत करती है। उनका कहना है कि इससे पता चलता है कि बच्ची किसी परेशानी से गुजर रही थी और वह मदद मांगने की कोशिश कर रही थी।
क्लास से निकलकर सीढ़ियों की ओर गई अमायरा
परिजनों के मुताबिक, CCTV फुटेज में बातचीत के दौरान अमायरा अचानक क्लास से बाहर निकलती दिखाई देती है। इसके बाद वह कॉरिडोर से तेजी से सीढ़ियों की तरफ जाती है।वीडियो में वह ग्राउंड फ्लोर से चौथी मंजिल तक पहुंचती हुई नजर आती है। इसके बाद हुई घटना ने सभी को झकझोर दिया था।
पुलिस चार्जशीट पर परिवार ने उठाए सवाल
नया वीडियो सामने आने के बाद अमायरा के परिवार ने पुलिस की चार्जशीट पर सवाल उठाए हैं। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने मामले की जांच अधूरी की और आत्महत्या के लिए उकसाने जैसी गंभीर धाराएं नहीं जोड़ी गईं।परिवार का कहना है कि बच्ची कई बार अपनी परेशानी जाहिर कर रही थी, लेकिन उसकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया गया। उनका आरोप है कि यदि समय रहते उसकी शिकायतों पर ध्यान दिया जाता तो शायद घटना को रोका जा सकता था।
मामले की दोबारा जांच की मांग
परिजनों ने इस नए CCTV वीडियो के आधार पर मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है। उनका कहना है कि वीडियो में सामने आए तथ्यों को जांच में शामिल किया जाना चाहिए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।फिलहाल इस वीडियो के सामने आने के बाद मामले ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। पुलिस की ओर से नए वीडियो और परिवार के आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।