जयपुर निकाय चुनाव 2026: जीत के बाद नहीं निकलेगा विजय जुलूस, वीडियो में जाने पुलिस ने 13 से 25 सितंबर तक लगाई रोक
जयपुर में नगरीय निकाय चुनाव 2026 को लेकर पुलिस प्रशासन ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ा फैसला लिया है। जयपुर पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र में विजय जुलूस निकालने पर रोक लगा दी गई है। यह आदेश चुनाव परिणाम के बाद संभावित भीड़ और किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को देखते हुए जारी किया गया है।एडिशनल कमिश्नर (कानून एवं व्यवस्था) राजीव पचार ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार, जयपुर पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत आने वाले नगरीय निकाय चुनाव में निर्वाचित सदस्य, अध्यक्ष और उपाध्यक्ष किसी भी प्रकार का विजय जुलूस नहीं निकाल सकेंगे।
13 सितंबर से 25 सितंबर तक लागू रहेगा आदेश
पुलिस प्रशासन का यह आदेश 13 सितंबर 2026 से 25 सितंबर 2026 तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान चुनाव में जीत हासिल करने वाले प्रत्याशी या उनके समर्थक सार्वजनिक रूप से जुलूस निकालकर जीत का जश्न नहीं मना सकेंगे।प्रशासन ने यह कदम कानून व्यवस्था, लोक शांति और आम लोगों की सुरक्षा बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया है।
शांतिपूर्ण चुनाव प्रक्रिया के लिए लिया फैसला
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, चुनाव परिणामों के बाद अक्सर बड़ी संख्या में समर्थक सड़कों पर उतर आते हैं। ऐसे में भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और किसी भी तरह के विवाद की स्थिति को रोकने के लिए यह प्रतिबंध लगाया गया है।प्रशासन का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से पूरा कराना प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए विजय जुलूस पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है।
उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति या व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।उल्लंघन करने वालों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 223 के तहत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने सभी प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों से आदेश का पालन करने की अपील की है।
सुरक्षा व्यवस्था रहेगी मजबूत
निकाय चुनाव के दौरान जयपुर पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है और चुनाव परिणाम के दिन भी विशेष निगरानी रखी जाएगी।प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि चुनाव परिणामों को लेकर शांति बनाए रखें और किसी भी तरह की कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाली गतिविधि से दूर रहें।