जयपुर में विदेश नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले 3 फर्जी कॉल सेंटरों का भंडाफोड़, फुटेज में जाने 22 युवक-युवतियां मिले; फर्जी वीजा और अपॉइंटमेंट लेटर देते थे
राजस्थान की राजधानी जयपुर में विदेश भेजने और नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जयपुर पुलिस की CST और एनडीपीएस यूनिट ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन फर्जी कॉल सेंटरों का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने यह कार्रवाई महेश नगर और जालूपुरा थाना क्षेत्र में की। छापेमारी के दौरान कॉल सेंटरों में काम कर रहे 22 युवक-युवतियां मिले, जिन्हें आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित थानों के सुपुर्द कर दिया गया है।
विदेश में नौकरी का झांसा देकर करते थे ठगी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह अखबारों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विदेशों में नौकरी दिलाने के आकर्षक विज्ञापन जारी करता था। इन विज्ञापनों के जरिए बेरोजगार युवाओं और विदेश जाने के इच्छुक लोगों को अपने जाल में फंसाया जाता था।इसके बाद आरोपियों की ओर से विदेश भेजने और अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा दिया जाता था। भरोसा जीतने के बाद पीड़ितों से अलग-अलग बैंक खातों में पैसे जमा करवाए जाते थे।पुलिस के अनुसार, आरोपी लोगों को फंसाने के लिए फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल करते थे। इनमें नकली अपॉइंटमेंट लेटर और फर्जी वीजा तक शामिल थे।
10 दिन से पुलिस रख रही थी नजर
स्पेशल पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग विदेश भेजने के नाम पर फर्जी तरीके से लोगों से पैसे ऐंठ रहे हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने करीब 10 दिनों तक इन कॉल सेंटरों की निगरानी की।जांच में पुख्ता जानकारी मिलने के बाद बुधवार को पुलिस ने तीनों ठिकानों पर कार्रवाई की और फर्जीवाड़े का खुलासा किया।
बैंक खाते फ्रीज, पूछताछ में हो सकते हैं बड़े खुलासे
पुलिस ने कार्रवाई के बाद आरोपियों से जुड़े बैंक खातों को फ्रीज करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, ठगी की रकम और पीड़ितों की संख्या को लेकर कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
बेरोजगार युवाओं को बनाया जा रहा था निशाना
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि गिरोह खास तौर पर उन लोगों को निशाना बनाता था, जो विदेश में नौकरी की तलाश कर रहे थे। आकर्षक वेतन और विदेश जाने के सपने दिखाकर उनसे मोटी रकम वसूली जाती थी।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि विदेश नौकरी या वीजा से जुड़े किसी भी ऑर पर पूरी जांच-पड़ताल के बाद ही भरोसा करें और किसी अनजान व्यक्ति या संस्था को पैसे देने से बचें।