☰
×

जयपुर में SIR के खिलाफ INDIA गठबंधन का प्रदर्शन, वीडियो में देंखे ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग; ढोल बजाकर जताया विरोध

 

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी SIR के विरोध में गुरुवार को जयपुर में INDIA गठबंधन के घटक दलों ने प्रदर्शन किया। जयपुर कलेक्ट्रेट सर्किल पर बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता जुटे। प्रदर्शनकारियों ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ आंदोलन के तहत ढोल बजाकर अपना विरोध दर्ज कराया और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

प्रदर्शन में राजस्थान कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास, विधायक रफीक खान और जयपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा समेत कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। इनके अलावा सीपीआई (एम), सीपीआई, समाजवादी पार्टी और सीपीआई (एमएल) से जुड़े नेता और कार्यकर्ता भी प्रदर्शन में पहुंचे।

‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ के तहत प्रदर्शन

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/vZs2hOojTMk?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/vZs2hOojTMk/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

कलेक्ट्रेट सर्किल पर प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ढोल बजाए और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया और मतदाताओं के अधिकारों को लेकर सवाल उठाए। INDIA गठबंधन के नेताओं का कहना है कि मतदाता सूची में पारदर्शिता और हर पात्र नागरिक के वोट के अधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी दोहराई। जयपुर में इससे पहले भी SIR को लेकर कांग्रेस प्रदर्शन कर चुकी है। सितंबर में हुए एक प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया था और कई वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में लिया गया था।

कांग्रेस ने SIR में गड़बड़ी का लगाया आरोप

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि मतदाता सूची के SIR में अनियमितताएं हुई हैं। पार्टी का दावा है कि इस प्रक्रिया के चलते मतदाताओं के नाम और वोट के अधिकार को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। कांग्रेस ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की है। कांग्रेस नेताओं का एक और आरोप है कि ज्ञानेश कुमार आयोग में मनमाने तरीके से काम कर रहे हैं और अन्य चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों को पर्याप्त महत्व नहीं दिया जा रहा है। ये आरोप विपक्ष की ओर से लगाए गए हैं। चुनाव आयोग और सत्तारूढ़ पक्ष ने SIR को लेकर विपक्ष के आरोपों को खारिज किया है और मतदाता सूची को व्यवस्थित एवं पात्र मतदाताओं को सुनिश्चित करने की प्रक्रिया के तौर पर इसका बचाव किया है।

देशभर में भी जारी है विरोध

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR के मुद्दे को लेकर विपक्षी दलों का विरोध केवल जयपुर तक सीमित नहीं है। दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में भी प्रदर्शन हो रहे हैं। 8 अक्टूबर को कांग्रेस और INDIA गठबंधन ने राज्य, जिला और ब्लॉक स्तर पर प्रदर्शन का आह्वान किया था। दिल्ली में पिछले दिनों प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया था।

जयपुर में हुए ताजा प्रदर्शन के जरिए विपक्षी दलों ने साफ किया कि SIR और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर उनका विरोध जारी रहेगा। वहीं, इस पूरे विवाद के बीच मतदाता सूची की प्रक्रिया, चुनाव आयोग की भूमिका और राजनीतिक दलों के आरोप-प्रत्यारोप आने वाले दिनों में भी चर्चा का विषय बने रहने की संभावना है।