जयपुर में सब्जियों की आड़ में चल रही थी गांजे की खेती, फुटेज में देंखे पुलिस ने 3,347 पौधे किए जब्त; आरोपी फरार
राजधानी जयपुर में सब्जियों के खेत की आड़ में अवैध रूप से गांजे की खेती का बड़ा मामला सामने आया है। आमेर थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त कार्रवाई में खेत से 3,347 गांजे के पौधे बरामद किए गए। पुलिस ने सभी पौधों को जड़ सहित उखाड़कर जब्त कर लिया और मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।डीसीपी (नॉर्थ) करण शर्मा ने बताया कि एएनटीएफ से मिली खुफिया सूचना के आधार पर आमेर थाना पुलिस की टीम ने छापराड़ी गांव स्थित एक खेत में छापेमारी की। मौके पर जांच के दौरान खेत में सब्जियों के बीच छिपाकर गांजे की खेती किए जाने का खुलासा हुआ।
सब्जियों के बीच छिपाए गए थे गांजे के पौधे
पुलिस के अनुसार, अवैध खेती को छिपाने के लिए खेत के चारों ओर सब्जियां उगाई गई थीं, ताकि पहली नज में किसी को गांजे की फसल का संदेह न हो। सर्च अभियान के दौरान खेत से 3,347 हरे गांजे के पौधे जड़ सहित उखाड़े गए।जब्त किए गए पौधों का कुल वजन 481.650 किलोग्राम पाया गया। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार सभी पौधों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
आरोपी की पहचान, तलाश जारी
प्रारंभिक जांच में खेत की अवैध खेती मूलचंद मीणा, निवासी सीतारपुरा की ढाणी, छापराड़ी (आमेर) के नाम पर होना सामने आया है। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गया।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
नेटवर्क की भी होगी जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेती कब से की जा रही थी और इसके पीछे कोई बड़ा तस्करी नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि तैयार होने के बाद इस गांजे की सप्लाई किन इलाकों में की जानी थी और इस अवैध कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती तथा तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई को जयपुर में हाल के समय की गांजे की अवैध खेती के खिलाफ बड़ी सफलताओं में से एक माना जा रहा है।