☰
×

चूरू में सरपंच का चुनाव लड़ने की जिद में पिता ने बेटे-बहू को बोलेरो से कुचला, दोनों की मौत; आरोपी हिरासत में

 

राजस्थान के चूरू जिले में सरपंच का चुनाव लड़ने को लेकर परिवार में चल रहा विवाद दर्दनाक घटना में बदल गया। तारानगर तहसील के चंगोई गांव में मंगलवार रात करीब 1 बजे एक पिता ने कथित तौर पर अपने बेटे और बहू को बोलेरो से कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर बोलेरो जब्त कर ली है।

सरपंच का चुनाव लड़ना चाहता था पिता

तारानगर के डीएसपी रोहित सांखला के अनुसार, चंगोई निवासी 60 वर्षीय रामचंद्र जाट गांव में धर्मकांटा चलाता है। वह चंगोई गांव से सरपंच का चुनाव लड़ना चाहता था, लेकिन उसका इकलौता बेटा रविंद्र और बहू महिंद्रा उसे चुनाव लड़ने से मना कर रहे थे। इसी बात को लेकर परिवार में कई दिनों से विवाद चल रहा था।बताया जा रहा है कि मंगलवार रात भी इसी मुद्दे पर घर में पिता और बेटे के बीच झगड़ा हुआ था। विवाद के बाद रविंद्र और उसकी पत्नी महिंद्रा धर्मकांटा पर चले गए। उनके पीछे रामचंद्र भी अपनी पत्नी धर्मा देवी के साथ वहां पहुंच गया।

धर्मकांटे पर फिर हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, धर्मकांटे पर भी पिता और बेटे के बीच विवाद हुआ। इसके बाद रविंद्र और महिंद्रा वहां से अपने घर लौटने लगे। इसी दौरान रास्ते में रामचंद्र बोलेरो लेकर पीछे से पहुंचा और कथित तौर पर दोनों को गाड़ी से कुचल दिया।घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से गांव में शोक का माहौल है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, सरपंच का चुनाव लड़ने को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद इस घटना की वजह बना।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। तारानगर डीएसपी रोहित सांखला ने बताया कि आरोपी रामचंद्र को हिरासत में लिया गया है और घटना में इस्तेमाल की गई बोलेरो जब्त कर ली गई है।पुलिस अब घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, चुनाव लड़ने को लेकर पिता और बेटे-बहू के बीच कई दिनों से विवाद चल रहा था। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।