बांसवाड़ा में हथियार के साथ इंस्टाग्राम रील बनाना पड़ा भारी, वीडियो में जाने पुलिस ने युवक को किया गिरफ्तार
सोशल मीडिया पर रौब जमाने और आम लोगों में डर का माहौल बनाने के लिए हथियार के साथ वीडियो बनाकर वायरल करना एक युवक को भा पड़ गया। बांसवाड़ा जिला पुलिस ने इंस्टाग्राम पर हथियार के साथ रील अपलोड करने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।यह कार्रवाई बांस वाड़ा जिले के कलिंजरा थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया सेल के जरिए जानकारी मिली थी कि कलिंजरा थाना क्षेत्र का एक युवक हथियार के साथ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर रहा है। वीडियो में युवक हथियार दिखाते हुए अपनी दबंग छवि बनाने की कोशिश कर रहा था।
सोशल मीडिया सेल की सूचना पर हुई कार्रवाई
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के निर्देशन में कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कलिंजरा थाना अधिकारी तेजुसिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत जांच शुरू की।पुलिस टीम ने वायरल वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट की जांच की। इसके बाद छींच गांव निवासी कल्पेश पुत्र शंकर चरपोटा को हिरासत में लिया गया। पुलिस उसे थाने लेकर आई और सोशल मीडिया पर डाली गई रील के संबंध में पूछताछ की।
जांच में सामने आई एयरगन की बात
पुलिस पूछताछ और वीडियो की जांच के दौरान सामने आया कि रील में दिखाई जा रही बंदूक असली हथियार नहीं बल्कि एक एयरगन थी। हालांकि, पुलिस का कहना है कि युवक ने एयरगन का इस्तेमाल इस तरह से किया, जिससे लोगों के बीच भय और दबदबा बनाने का संदेश जाए।पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने सोशल मीडिया पर इस तरह की रील बनाकर अपनी दादागिरी दिखाने और अन्य युवाओं को भी इस तरह के कृत्य के लिए प्रेरित करने की कोशिश की।
आमजन में भय फैलाने के आरोप में कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल कर आम लोगों में डर कामाहौल पैदा करना गंभीर मामला है। इसी को देखते हुए आरोपी कल्पेश के खिलाफ बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने, धमकाने वाली पोस्ट डालने या कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पुलिस की सोशल मीडिया पर नजर
बांसवाड़ा पुलिस की सोशल मीडिया सेल लगातार ऐसे अकाउंट और पोस्ट की निगरानी कर रही है, जिनके जरिए समाज में गलत संदेश फैलाने या युवाओं को अपराध की ओर प्रेरित करने की कोशिश की जाती है।पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करें। किसी भी तरह की आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने या वायरल करने से बचें, अन्यथा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दबदबा बनाने की कोशिश करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।