☰
×

मुझे कहा गया तू मर जा; जैसलमेर में पत्नी-ससुराल वालों से परेशान कॉन्स्टेबल ने नहर में कूदकर दी जान
 

 

राजस्थान के जैसलमेर से एक पुलिस कॉन्स्टेबल की मौत का मामला सामने आया है। मोहनगढ़ थाना क्षेत्र में सिरोही के आबूरोड थाने में तैनात कॉन्स्टेबल अनिरुद्ध सिंह का शव इंदिरा गांधी नहर से बरामद हुआ। घटना से पहले उन्होंने एक वीडियो बनाकर परिजनों को भेजा था। इसमें उन्होंने पत्नी और ससुराल पक्ष पर लंबे समय से प्रताड़ित करने और परिवार को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देने के आरोप लगाए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

सुबह वीडियो बनाकर परिजनों को भेजा

परिजनों के मुताबिक, अनिरुद्ध सिंह मंगलवार सुबह करीब 8 बजे मोहनगढ़ स्थित नहर के पास पहुंचे थे। उन्होंने अपनी कार में एक वीडियो बनाया और उसे परिवार के सदस्यों को भेज दिया। वीडियो देखने के बाद परिजनों ने उन्हें फोन किया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।

इसके बाद उनके छोटे भाई ने बाड़मेर कोतवाली की मदद से मोबाइल की लोकेशन पता कराई। लोकेशन मोहनगढ़ की मिली। परिजन और रिश्तेदार करीब 9 बजे नहर के पास पहुंचे तो वहां अनिरुद्ध की कार, मोबाइल फोन और जूते मिले। पुलिस और गोताखोरों ने तलाश शुरू की और करीब आधे घंटे बाद उनका शव नहर से बाहर निकाला गया।

वीडियो में पत्नी और ससुराल पर लगाए आरोप

मौत से पहले बनाए गए वीडियो में अनिरुद्ध ने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष के कई लोगों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि उन्हें और उनके परिवार को झूठे मामलों में फंसाने की धमकियां दी जा रही थीं।

वीडियो में अनिरुद्ध ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें कहा गया था कि ‘तू मर जा और हमारे रास्ते से हट जा।’ उन्होंने कहा कि बुजुर्ग माता-पिता के कारण वह लंबे समय तक यह सब सहते रहे।

हालांकि, वीडियो में लगाए गए आरोपों की पुलिस अभी जांच कर रही है। इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

2008 में पुलिस में भर्ती हुए थे

अनिरुद्ध सिंह बाड़मेर की इंदिरा कॉलोनी के रहने वाले थे और उनकी उम्र करीब 36 वर्ष बताई गई है। वह वर्ष 2008 में राजस्थान पुलिस में भर्ती हुए थे और वर्तमान में सिरोही जिले के आबूरोड थाने में तैनात थे। वर्ष 2012 में उनकी शादी हुई थी और उनका एक बेटा भी है।

परिवार के अनुसार, शादी के कुछ समय बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था। परिजनों का दावा है कि उनकी पत्नी करीब पांच साल से मायके में रह रही थी।

पुलिस कर रही पूरे मामले की जांच

जैसलमेर एसपी अभिषेक शिवहरे के अनुसार, अनिरुद्ध सिंह मोहनगढ़ में अपनी बुआ के घर आए हुए थे। मंगलवार को उनका शव नहर में मिला। पुलिस वीडियो, परिजनों की शिकायत और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

घटना के बाद परिजनों ने मोहनगढ़ थाने में शिकायत देकर पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही मौत के पीछे की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।