☰
×

जयपुर में हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या, कैम्पर से फॉर्च्यूनर को मारी टक्कर; भागने पर बदमाशों ने घेरा

 

राजस्थान की राजधानी जयपुर में बुधवार रात बदमाशों ने सरेराह एक हिस्ट्रीशीटर की बेरहमी से हत्या कर दी। करधनी थाना क्षेत्र के जगदम्बा नगर में कैम्पर सवार हमलावरों ने पहले विजय बाजिया (25) की फॉर्च्यूनर गाड़ी को टक्कर मारकर रोक लिया। इसके बाद विजय जैसे ही जान बचाने के लिए गाड़ी से उतरकर भागने लगा, बदमाशों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया और कुल्हाड़ी व लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण विजय की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी कैम्पर में बैठकर फरार हो गए।

जोबनेर से जयपुर आ रहा था विजय

जानकारी के अनुसार, विजय बाजिया जोबनेर थाना क्षेत्र के तिबारियां गांव का रहने वाला था और जोबनेर थाने का हिस्ट्रीशीटर था। बुधवार रात करीब 8 बजे वह अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी से जोबनेर से जयपुर आ रहा था। इसी दौरान करधनी इलाके में जगदम्बा नगर के पास कैम्पर सवार 4 से 6 बदमाशों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया।

बताया जा रहा है कि हमलावर काफी समय से विजय की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। बदमाशों ने मौका देखकर उसकी फॉर्च्यूनर को कैम्पर से जोरदार टक्कर मारी। अचानक हुए हमले से विजय ने बचने की कोशिश की और गाड़ी से उतरकर भागने लगा, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा।

घेरकर कुल्हाड़ी और डंडों से किया हमला

विजय के गाड़ी से उतरकर भागते ही बदमाशों ने उसे घेर लिया। इसके बाद उस पर कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से लगातार वार किए। हमले में विजय गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। आरोपी करीब पांच मिनट में वारदात को अंजाम देकर अपनी कैम्पर गाड़ी में फरार हो गए।

सरेराह हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद कुछ लोगों ने हमले का घटनाक्रम अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका

सूचना मिलने पर करधनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल विजय को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कांवटिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।

प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि विजय और दूसरे पक्ष के बीच पहले से विवाद चल रहा था। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और वारदात के दौरान बनाए गए वीडियो के आधार पर भी हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। आरोपियों की तलाश में नाकाबंदी कराई गई है। फिलहाल हत्या के वास्तविक कारण और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच जारी है।