×

हवामहल विधायक बालमुकुंद आचार्य को फोन पर जान से मारने की धमकी, दरगाह विवाद के बाद बढ़ा तनाव

 

राजधानी जयपुर में हवामहल से भाजपा विधायक बालमुकुंद आचार्य को फोन पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। चांदपोल इलाके में दरगाह की छत निर्माण को लेकर हाल ही में हुए विवाद और विरोध प्रदर्शन के बाद यह धमकी दी गई, जिससे राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, अज्ञात व्यक्ति ने विधायक को फोन कर चेतावनी दी कि वे “दूसरों के विधानसभा क्षेत्र में दखलअंदाजी न करें, नहीं तो दो मिनट में रात खराब कर दूंगा, उसके बाद पुलिस का जोर लगा लेना।” आरोपी ने बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का भी नाम लिया और खुद को प्रभावशाली बताते हुए कहा कि “हाथोज से लेकर जयपुर तक मेरी पूरी जानकारी है, आपका पूरा कच्चा चिट्ठा मेरे पास है। हिसाब से चलोगे, हिसाब से राजनीति करोगे तो आपके लिए अच्छा रहेगा।”

धमकी देने वाले ने फोन पर यह भी कहा कि वह अगले दिन गणेश मंदिर के बाहर मिलने आएगा। इस बयान के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। विधायक की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, कॉल की लोकेशन और नंबर ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। साइबर टीम भी जांच में जुटी है ताकि आरोपी की पहचान जल्द से जल्द की जा सके। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

गौरतलब है कि हाल ही में चांदपोल क्षेत्र में दरगाह की छत निर्माण को लेकर विवाद खड़ा हो गया था, जिसके बाद विधायक बालमुकुंद आचार्य ने मौके पर पहुंचकर विरोध जताया था। उसी के बाद से राजनीतिक माहौल गर्माया हुआ है।

राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों को इस तरह की धमकियां लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।