×

चूरू में मंच पर भड़के हनुमान बेनीवाल, भाषण के दौरान माइक फेंका और कार्यक्रम बीच में छोड़कर चले गए

 

राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के प्रमुख और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल रविवार देर रात चूरू में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान नाराज हो गए। भाषण के बीच लगातार शोर-शराबा होने से बेनीवाल का धैर्य टूट गया। गुस्से में उन्होंने मंच पर रखा माइक फेंक दिया और कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर चले गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, हनुमान बेनीवाल चूरू में आरएलपी के पार्टी कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान वह कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित कर रहे थे। इसी बीच सभा में मौजूद कुछ युवाओं के लगातार शोर मचाने और व्यवधान पैदा करने से वह नाराज हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बेनीवाल ने पहले युवाओं को शांत रहने की समझाइश दी, लेकिन जब शोर नहीं रुका तो उन्होंने नाराजगी जताते हुए मंच पर माइक फेंक दिया। इसके बाद उन्होंने अपना संबोधन बीच में ही रोक दिया और कार्यक्रम स्थल से रवाना हो गए।

घटना के बाद कुछ देर के लिए कार्यक्रम स्थल पर असमंजस की स्थिति बन गई। पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता बेनीवाल को मनाने का प्रयास करते रहे, लेकिन वह कार्यक्रम छोड़कर चले गए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।राजनीतिक हलकों में इस घटना की चर्चा तेज हो गई है। समर्थकों का कहना है कि बार-बार व्यवधान के कारण बेनीवाल नाराज हुए, जबकि विरोधी दल इस घटना को लेकर उन पर निशाना साध रहे हैं।

गौरतलब है कि हनुमान बेनीवाल अपने बेबाक अंदाज और तीखे बयानों के लिए जाने जाते हैं। कई बार सार्वजनिक मंचों से भी वे अपनी स्पष्ट राय खुलकर रखते रहे हैं। चूरू में हुई यह घटना भी अब प्रदेश की राजनीति में चर्चा का विषय बन गई है।फिलहाल, इस मामले को लेकर आरएलपी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि, कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है और इस पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।