फेरों के दौरान दूल्हे को आया सीने में दर्द, फुटेज में देंखे 20 दिन तक जिंदगी की जंग लड़ने के बाद मौत; शादी की खुशियां मातम में बदलीं
राजस्थान के पाली जिले से एक बेहद मार्मिक घटना सामने आई है, जहां शादी की खुशियां कुछ ही पलों में मातम में बदल गईं। फेरों के दौरान 28 वर्षीय दूल्हे की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सीने में तेज दर्द और पसीना आने की शिकायत के बावजूद किसी तरह सात फेरे पूरे कराए गए। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 20 दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद 9 जुलाई को उसकी मौत हो गई। मृतक की मौत के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। परिवार इस घटना से सदमे में है।
तीसरे फेरे के बाद बिगड़ने लगी तबीयत
पाली जिले के सुकरलाई गांव निवासी वजाराम ने बताया कि उनके भतीजे ओमप्रकाश की शादी पास के मांडावास गांव निवासी कविता से तय हुई थी। 20 जून को बारात धूमधाम से मांडावास पहुंची और सुबह करीब 10 बजे विवाह की रस्में शुरू हुईं। परिजनों के अनुसार, तीसरे फेरे के दौरान ही ओमप्रकाश ने असहज महसूस करना शुरू कर दिया। पूछने पर उसने बताया कि उसके सीने में दर्द हो रहा है और लगातार पसीना आ रहा है। परिवार को पहले लगा कि तेज गर्मी के कारण उसकी तबीयत बिगड़ी है। इसी वजह से जल्दबाजी में सातों फेरे पूरे कराए गए।
फेरे खत्म होते ही हो गया बेहोश
विवाह की रस्म पूरी होने के कुछ ही देर बाद ओमप्रकाश की हालत अचानक और गंभीर हो गई। वह अचेत होकर गिर पड़ा। परिजन उसे तुरंत दुल्हन पक्ष के डेरे पर ले गए और आराम कराने की कोशिश की, लेकिन उसकी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा।
20 दिन तक चला इलाज, नहीं बच सकी जान
ओमप्रकाश का करीब 20 दिनों तक इलाज चलता रहा, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद 9 जुलाई को उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। मेडिकल जांच और रिपोर्ट के आधार पर ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
परिवार का इकलौता सहारा था ओमप्रकाश
परिजनों ने बताया कि ओमप्रकाश जयपुर के मानसरोवर स्थित विजय पथ इलाके में एक निजी संस्थान में कार्यरत था। पिता देवाराम के निधन के बाद वही अपनी विधवा मां और इकलौती बहन का सहारा था। उसकी असमय मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। जिस घर में शादी की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। परिवार और गांव के लोग इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं। शादी के दिन हुई इस अप्रत्याशित घटना ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया है।